भास्कर न्यूज | टोंक जिले का एकमात्र इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) अध्ययन केंद्र राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, टोंक परिसर में संचालित है। अध्ययन केंद्र के समन्वयक चंद्रशेखर मीणा ने बताया कि इग्नू के विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों के असाइनमेंट 1 मार्च से 31 मार्च तक इग्नू स्टडी सेंटर, राजकीय महाविद्यालय टोंक में जमा किए जाएंगे। जिन छात्र-छात्राओं का अध्ययन केंद्र राजकीय महाविद्यालय टोंक है, वे सभी स्वयं द्वारा हस्तलिखित असाइनमेंट अनिवार्य रूप से व्यक्तिगत रूप से जमा कर रसीद प्राप्त करें। जिले में टोंक पीजी कॉलेज के अलावा अन्य स्थान पर इग्नू का अध्ययन केंद्र संचालित नहीं है। इसलिए छात्र किसी भी प्रकार की जानकारी या समस्या के समाधान के लिए केवल इसी अध्ययन केंद्र पर दोपहर 12 से 2 बजे तक संपर्क करें। केंद्र में जनवरी 2026 सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है, इग्नू के विभिन्न डिग्री, डिप्लोमा एवं सर्टिफिकेट कार्यक्रमों में फ्रेश एडमिशन एवं री-रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया व आवेदन 31 जनवरी 2026 तक होंगे। यहां 300 से ज्यादा कार्यक्रम उपलब्ध हैं, जिनमें डीईसीई (प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल व शिक्षा में डिप्लोमा) कार्यक्रम भी संचालित है। केंद्र के समन्वयक ने बताया कि इग्नू की ओर से एससी-एसटी वर्ग के विद्यार्थियों को स्नातक कार्यक्रमों में प्रवेश शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट दी जा रही है, साथ ही समाज कल्याण विभाग की छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ भी विद्यार्थियों को मिलेगा। राजस्थान सरकार की बालिका दूरस्थ शिक्षा योजना के तहत सभी वर्गों की किसी भी आयु की महिला व छात्रा को किसी भी कोर्स में प्रवेश लेने पर शुल्क पुनर्भरण (रिफंड) का लाभ मिलेगा। योजना से संबंधित नियम एवं दिशा-निर्देश विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। प्रवेश आवेदन इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट के एडमिशन पोर्टल के जरिए ऑनलाइन किया जा सकता है।


