भास्कर न्यूज |गिरिडीह एपीके लिंक को िक्लक करने से बचें। क्योंकि एपीके लिंक को िक्लक करते ही आपके मोबाइल का डाटा साइबर अपराधियों के पास पहुंच जाएगा और बैंक एकाउंट पूरा खाली हो सकता है। वर्तमान में साइबर ठग इसी लिंक के सहारे लोगों से ठगी करते हैं। गिरिडीह जिले के गांडेय व जमुआ से गिरफ्तार साइबर अपराधियों ने पुलिस के समक्ष इस बात का खुलासा किया है। जहां एपीके फाइल के सहारे साइबर अपराधियों ने 400 से अधिक लोगों के खाते से रुपए उड़ाने की बात कबूल की है। जिसमें सर्वाधिक गर्भवती महिलाएं, मैईया योजना के लाभूक, पीएम व अबुआ आवास के लाभुक शामिल हैं। जिसे सरकारी लाभ दिलाने का सब्जबाग दिखाया जाता है, फिर एपीके लिंक भेजकर डिटेल मांगी जाती है। इसके अलावा विभिन्न बैंकों के खाताधारकों को केवाईसी के नाम पर डिटेल जानकारी देते ही खाते से रकम गायब किए जाते हैं। गिरिडीह पुलिस ने प्रतिबिंब पोर्टल के माध्यम से ट्रेप कर ऐसे पांच अपराधियों को गांडेय व जमुआ थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में छापामारी कर गिरफ्तार किया है। इन गिरफ्तार अपराधियों के पास से पुलिस ने 20 एंड्रायड मोबाइल और 27 िसम कार्ड बरामद किए हैं। जिसमें 5 कीमती आईफोन शामिल है। शुक्रवार को गहन पूछताछ के बाद पुलिस ने इन सभी गिरफ्तार अपराधियों को जेल भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक 6 फरवरी को इसकी सूचना मिलते ही एसपी ने साइबर डीएसपी आबिद खान के नेतृत्व एक टीम का गठन किया। गठन के बाद टीम ने तत्काल गांडेय थाना क्षेत्र के कृष्ण बल्लभ सहाय रेलवे हॉल्ट के समीप फुलजोरी और जमुआ थाना क्षेत्र के छोटकी खरगडीहा से मिर्जागंज जाने वाली मुख्य सड़क के किनारे देवाटांड़ में छापामारी की। जहां साइबर ठग लोगों से फोन कर ठगी कर रहा था। पुलिस ने मौके पर छापामारी कर 5 साइबर अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। साइबर अपराधियों के झांसे में बचने की जरूरत : एसपी गिरिडीह एसपी डॉ. विमल कुमार ने बताया कि गिरफ्तार साइबर अपराधी कैनरा बैंक, पीएनबी बैंक, कॅरियर सर्विस, हॉस्पीटल सर्विस, ऑनलाईन डॉक्टर एप्वाइंटमेंट, केवाईसी अपडेट कराने के लिए आम लोगों को एपीके फाइल का लिंक भेजकर ठगी करते हैं। लिंक में ज्योही लोग डिटेल डालते हैं कि खाते में जितनी भी रकम होती है उसे गायब कर दिया जाता है। इसके अलावा साइबर अपराधी बैंक लोन की ईएमआई राशि जमा करने के लिए श्रीराम फाईनेंस ऑनलाइन पेमेंट, एयरटेल पेमेंट बैंक का क्यूआर कोड भेजकर ठगी करता है। गर्भवती महिलाओं के मोबाइल नंबर पर कॉल कर सरकार से मतृत्व राशि लाभ दिलाने के नाम पर और एयरटेल पेमेंट बैंक खाता बंद होने का झांसा देकर भी ठगी किया जाता है। इस अपराधियों के झांसे में आने से लोगों को बचने की जरूरत है। एसपी ने कहा की फिलहाल 5 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। गिरफ्तार साइबर अपराधी गुलाम रसुल कुख्यात है, उसके पास से पुलिस ने 16 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिसमें 5 कीमती आईफोन है। जबकि अजय कुमार मंडल का साइबर अपराध में पुराना इतिहास रहा है। वह साइबर थाना कांड संख्या 43/2023 में जेल भी जा चुका है। कुछ और साइबर अपराधियों का डिटेल मिला है, उसे भी जल्द दबोचा जाएगा। छापेमारी दल में साइबर डीएसपी आबिद खान, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी साइबर थाना अजय कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक पुनीत कुमार गौतम, सहायक अवर पुलिस निरीक्षक संजय मुखियार, गजेन्द्र कुमार सहित पुलिस के जवान शामिल थे।


