नागौर ब्लॉक के सरकारी स्कूलों में स्टूडेंट्स को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और उनके मनोबल को बढ़ाने के लिए क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। नवाचार के रूप में शुरू की गई क्विज प्रतियोगिता के छठे चरण में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चेनार में राजस्थान की कृषि व्यवस्था व खनिज विषय पर आधारित क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय राठौड़ी कुआं, कालड़ी, ताऊसर, बासनी, रायधनू, गगवाना, साडोकन, चेनार के प्रतिभागियों ने भाग लिया। आज तक विभिन्न स्कूलों में आयोजित क्विज प्रतियोगिता में कुल 36 स्कूल के अनेक स्टूडेंट्स भाग ले चुके है। इस प्रतियोगिता में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गगवाना ने पहला स्थान, पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कालड़ी ने दूसरा स्थान व पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय राठौड़ी कुआं के विद्यार्थियों ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। उपखंड अधिकारी गोविंद सिंह टीचर ने बच्चों को परिस्थितियों से ना घबराते हुए सतत प्रयास और लगन से मेहनत करने का आह्वान किया। एसडीएम भींचर ने कहा कि किसी एक क्षेत्र में असफलता से किसी भी व्यक्ति के विकास का मार्ग रुकता नहीं है, बल्कि उसे और हिम्मत के साथ आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिलती है। कार्यक्रम में कार्यवाहक तहसीलदार नृसिंह टांक ने भी ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को बेहतर तैयारी के साथ आगे बढ़ाने के विभिन्न टिप्स बताए। प्रतियोगिता के विजेताओं के लिए चेनार सरपंच प्रतिनिधि खींवसिंह की ओर से प्रतीक चिन्ह दिए गए। इस मौके पर मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अनिता बागड़ी, अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राधेश्याम गोदारा, भोपाल सिंह, दरियाव चौधरी, नवीन माथुर, पवन मीणा समेत अनेक लोग मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन जोधाराम जाजड़ा ने किया।


