बाड़मेर| भारती एयरटेल फाउंडेशन के सहयोग से बाड़मेर जिले के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मूंढ़ों की ढाणी एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय धन्ने का तला में 5 दिवसीय शीतकालीन शिविर विंटर स्किल फेस्ट का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान विद्यार्थियों को बेसिक अंग्रेजी बोलना और कर्सिव राइटिंग सिखाई गई, इससे उनके भाषा कौशल में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला। शिविर में बच्चों को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अंग्रेजी भाषा में संवाद करने के लिए आवश्यक शब्दावली और वाक्यांश सिखाए गए। विद्यार्थियों ने अंग्रेजी में अपना परिचय देना, दैनिक उपयोग के वाक्य बोलना और आत्मविश्वास के साथ संवाद करना सीखा। साथ ही कर्सिव लेखन का नियमित अभ्यास करवाया गया, इसके लिए वर्कशीट आधारित गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, इससे उनके लेखन कौशल में स्पष्ट सुधार हुआ। कार्यक्रम के दौरान खेल-खेल में अंग्रेजी सीखने की गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, इससे बच्चों को सीखने के साथ आनंद का अनुभव मिला। शिविर के परिणामस्वरूप विद्यार्थियों की अंग्रेजी भाषा समझ, बोलने की क्षमता और आत्मविश्वास में वृद्धि हुई। मूंढ़ों की ढाणी एवं धन्ने का तला पंचायत शिक्षा अधिकारी हनुमान राम एवं ममता मेघवाल ने शिविर का नियमित अवलोकन किया। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी सीखने में रुचि दिखा रहे हैं और विभिन्न कौशल भी विकसित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारती एयरटेल फाउंडेशन के सहयोग से इस प्रकार के कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाते हैं।


