भास्कर न्यूज | जांजगीर पामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत चंडीपारा मोहल्ले में सरकारी स्कूल में पदस्थ बाबू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान महाराष्ट्र निवासी रवि अम्बेडारे के रूप में हुई है, जो पामगढ़ के ग्राम भिलोनी स्थित शासकीय हाई सेकेंडरी स्कूल में वर्ष 2016-17 से बाबू के पद पर कार्यरत था। रवि अम्बेडारे पिछले कई वर्षों से चंडीपारा में किराए के मकान में अकेले रहकर नौकरी कर रहा था। बताया जा रहा है कि वह शराब का आदी था और मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। शनिवार देर रात को उसने अपने कमरे में पंखे से मोटी रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का खुलासा तब हुआ जब रविवार सुबह उसका दोस्त सिदार मारकंडे उससे मिलने उसके कमरे पर पहुंचा। दरवाजा खुला पाकर जब वह अंदर गया, तो रवि का शव पंखे से झूलता हुआ देखा। यह दृश्य देखकर वह घबरा गया और तुरंत पामगढ़ पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को पंखे से नीचे उतार कर पंचनामा कार्रवाई की और उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। शुरुआती जांच में आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। मौके से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के पीछे के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है, जो महाराष्ट्र में रहते हैं। परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।


