भास्कर न्यूज | जालंधर जालंधर प्रीमियर लीग के तहत खेले गए विभिन्न रोमांचक क्रिकेट मुकाबलों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन के साथ खेल भावना का शानदार उदाहरण पेश किया। जिले के अलग-अलग खेल मैदानों पर हुए इन मैचों में दर्शकों को कांटे की टक्कर देखने को मिली। सेंट सोल्जर कॉलेज में आयोजित मुकाबले में केएमवी संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल और सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल लम्मा पिंड की टीमें आमने-सामने थीं। पहले बल्लेबाजी करते हुए केएमवी टीम 18.1 ओवर में 158 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। जवाब में सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल लम्मा पिंड की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 11.2 ओवर में 159 रन बनाकर 7 विकेट से मैच अपने नाम कर लिया। डीएमएस स्कूल में खेले गए एक अन्य मुकाबले में जूनियर मॉडल स्कूल और डीएमएस स्कूल की टीमें भिड़ीं। डीएमएस स्कूल की टीम ने 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 141 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जूनियर मॉडल स्कूल की टीम ने रोमांचक मुकाबले में 19.3 ओवर में 9 विकेट खोकर 142 रन बनाते हुए एक विकेट से जीत हासिल की। सीटी इंस्टीट्यूट में हुए मैच में एलआर दोआबा सीनियर सेकेंडरी स्कूल की टीम 18.5 ओवर में 104 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करते हुए इनोसेंट हार्ट स्कूल की टीम ने 14.1 ओवर में 107 रन बनाकर 4 विकेट से मैच जीत लिया। उल्लेखनीय है कि पंजाब सरकार के निर्देशानुसार युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल के नेतृत्व में इस टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है, जो युवाओं में खेल भावना और अनुशासन को बढ़ावा दे रहा है।


