इंदौर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज के अधीन ईएच कम्पाउंड में स्थित सरकारी अस्पतालों परिसर में इन दिनों बढ़ते अवैध कब्जों को लेकर डीन डॉ. वी.पी. पांडे ने कलेक्टर को पत्र लिखकर वैधानिक कार्रवाई की अपील की है। चार साल पहले केईएच कम्पाउंड के जर्जर सरकारी आवासों में रह रहे करीब 50 परिवारों को नोटिस देकर उनके मकान खाली करवाए गए थे। इसके अलावा, कई अवैध मकान और अतिक्रमण हटाकर पूरी जमीन को खाली कराया गया था। दरअसल, यहां 1500 बेड के बड़े अस्पताल और साइंस इंस्टिट्यूट का निर्माण होना है। लेकिन इस बीच कुछ माफिया और राजनीतिक संरक्षण प्राप्त लोगों ने यहां कब्जे करना शुरू कर दिया है। कुछ लोगों ने तो धर्मस्थल की आड़ में निर्माण भी शुरू कर दिया। इस प्रकार की अवैध गतिविधियों की शिकायतें समय-समय पर की गई है। अब डीन ने 3 फरवरी को कलेक्टर को पत्र लिखकर शिकायत की है।


