भास्कर न्यूज | रंंका आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के प्रथम दिन चुटिया पंचायत के सर्वोदय उच्च विद्यालय परिसर में आयोजित आमसभा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं एवं आवश्यक कार्यों से संबंधित आवेदन जमा किए। पंचायत की मुखिया गीता देवी ने बताया कि पहले दिन कुल 232 आवेदन प्राप्त हुए, जो इस बात का संकेत है कि सरकार द्वारा चलाया जा रहा यह कार्यक्रम जनता के बीच काफी प्रभावी और लोकप्रिय हो रहा है। मुखिया गीता देवी के अनुसार, प्राप्त आवेदनों में विभिन्न विभागों से संबंधित मांगें शामिल थीं। जन्म प्रमाण पत्र और मृत्यु प्रमाण पत्र से जुड़े 21 आवेदन प्राप्त हुए। उन्होंने बताया कि कई लोग लंबे समय से इन प्रमाणपत्रों के लिए परेशान थे, लेकिन कार्यक्रम के माध्यम से उन्हें एक ही स्थल पर आवेदन करने का अवसर मिला। पेंशन योजना के लिए कुल 29 आवेदन आए, जिसमें वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन तथा दिव्यांग पेंशन जैसी योजनाओं के लिए लोगों ने आवेदन जमा किए। ग्रामीणों ने बताया कि यह कार्यक्रम उनके लिए बेहद फायदेमंद है, क्योंकि उन्हें दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ रही है। स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत सर्वाधिक 65 आवेदन जमा किए गए। इनमें आयुष्मान कार्ड, स्वास्थ्य बीमा लाभ और चिकित्सा सहायता से जुड़ी समस्याओं के समाधान हेतु लोगों ने आवेदन किया। भूमि एवं राजस्व विभाग से संबंधित 39 आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें भूमि विवाद, एलपीसी, भूमि नापी तथा अन्य राजस्व मामलों से जुड़ी समस्याएं शामिल थीं। वहीं आपूर्ति विभाग से जुड़े मामलों में राशन कार्ड सुधार, नए कार्ड की मांग एवं अन्य समस्याओं को लेकर भी लोगों ने आवेदन दिया। श्रम विभाग से 20 आवेदन प्राप्त हुए। भास्कर न्यूज | केतार प्रखंड के बलिगढ़ पंचायत सचिवालय प्रांगण में शुक्रवार को सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रमुख चंद्रावती देवी, बीडीओ प्रशांत कुमार, जिप सदस्य ज्वाला प्रसाद, उप प्रमुख शंभू सिंह एवं मुखिया ललिता देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।कार्यक्रम में राशन, पेंशन, आवास, आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनरेगा, श्रम विभाग सहित 20 विभागों द्वारा अलग-अलग स्टॉल लगाए गए। ग्रामीणों ने विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने हेतु संबंधित काउंटरों पर पहुंचकर आवेदन जमा किए। सबसे अधिक भीड़ मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के स्टॉल पर देखी गई, जहां महिलाएं सुबह से ही हाथों में आवेदन लिए उत्साह के साथ लाइन में खड़ी नजर आईं। हालांकि पोर्टल तकनीकी कारणों से नहीं खुल पाया, जिसके चलते तत्काल ऑनलाइन इंट्री नहीं हो सकी। बीडीओ के निर्देश पर सभी आवेदन ऑफलाइन जमा कर लिए गए, जिससे आवेदकों को राहत मिली। शिविर में कुल 928 आवेदन प्राप्त हुए जिसमें सबसे अधिक मंईयां योजना के लिए 451 आवेदन प्राप्त हुए, वहीं आवास में 250 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 45 आवेदनों का त्वरित निराकरण किया गया।। बीडीओ प्रशांत कुमार ने कहा कि सरकार का लक्ष्य जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। जो लोग ब्लॉक तक नहीं आ पाते, उनके लिए पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित कर समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने पंचायत में निर्धारित तिथि पर आयोजित शिविर में अवश्य पहुंचें और योजनाओं का लाभ उठाने हेतु आवेदन जमा करें।कार्यक्रम में बीपीओ कमलेश कुमार, विधायक प्रतिनिधि सुरेश प्रसाद, पंचायत सचिव आदित्य कुमार, रामसुरेश राम, राकेश कुमार, रोजगार सेवक धीरेंद्र कुमार विश्वकर्मा, रामकुमार प्रजापति, पंकज सिंह, पंकज गुप्ता, डॉ. विवेक कुमार समेत कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।


