राज्य सरकार के दो साल पूरा होने के मौके पर भीलवाड़ा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा तैयार किए गए विकास रथ को जिला कलेक्ट्रेट परिसर से आज भीलवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए रवाना किया गया। विकास रथ को सांसद दामोदर अग्रवाल, शहर विधायक अशोक कोठारी एवं भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वाहन रैली के माध्यम आमजन को किया जागरूक कार्यक्रम के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर से सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के अंतर्गत चल रहे पखवाड़े के तहत वाहन रैली का भी आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से आमजन को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन, सुरक्षित ड्राइविंग तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।कलेक्ट्रेट परिसर से शुरू हुई यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए निकाली गई, जिससे बड़ी संख्या में नागरिकों तक जागरूकता का संदेश पहुंचा। विकास रथ से जन जन तक पहुंचेगी सरकारी योजनाएं इस मौके पर सांसद अग्रवाल ने बताया कि यह विकास रथ राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों एवं विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाएगा।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशन में सरकार ने विगत 2 वर्षों में अभूतपूर्व प्रगति की है।सड़क सुरक्षा नियमों का पालन न केवल स्वयं की बल्कि दूसरों की जान बचाने के लिए भी आवश्यक है। सभी नागरिक मिलकर सड़क सुरक्षा एवं जनजागरूकता को जन आंदोलन बनाने का संकल्प ले। सीट बेल्ट जरूर लगाएं भाजपा जिलाध्यक्ष मेवाडा ने नागरिकों से हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा यातायात नियमों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। टू व्हीलर ड्राइवर्स को हेलमेट वितरित रैली से पूर्व अतिथियों द्वारा टू व्हीलर ड्राइवर्स को हेलमेट वितरित किये गए तथा सड़क सुरक्षा नियमों से संबंधित पोस्टर का विमोचन कर सामाजिक संदेश के लिए गुब्बारे भी उड़ाए गए। इनकी रही मौजूदगी कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी अक्षत कुमार सिंह, जिला परिवहन अधिकारी रामकृष्ण चौधरी, जनसंपर्क अधिकारी रविन्द्र वैष्णव सहित अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।


