राज्य सरकार गठन के 2 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले में आयोजित हो रहे विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत रविवार को जिला प्रशासन एवं नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में व्यापक स्तर पर श्रमदान एवं स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए गए। संभागीय आयुक्त एवं नगर निगम प्रशासक डॉ. प्रतिभा सिंह के नेतृत्व में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने का संदेश दिया गया। संभागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह ने घंटाघर (क्लॉक टावर), उम्मेद उद्यान एवं गुंदेश्वर महादेव मंदिर सहित विभिन्न प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर स्वयं झाड़ू लगाकर श्रमदान किया और अधिकारियों, कर्मचारियों तथा आमजन को स्वच्छता के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है और जनभागीदारी से ही स्वच्छ व स्वस्थ शहर की परिकल्पना साकार की जा सकती है। स्वस्थ जोधपुर–स्वच्छ जोधपुर का संदेश जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा ने बताया कि राज्य सरकार कार्यकाल के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विभागीय निर्देशानुसार जिले में विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं,जिनमें जन सहभागिता भी सुनिश्चित करवाई जा रही है। इसी कड़ी में रविवार को शहर के प्रमुख मंदिरों, स्मारकों, सरकारी देवालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य आमजन को स्वच्छता, जनजागरूकता एवं शहर के सौंदर्यकरण के प्रति प्रेरित करना है, जो ‘स्वस्थ जोधपुर–स्वच्छ जोधपुर’ को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। रथ वाहिनी के जरिए प्रचार-प्रसार मिश्रा ने यह भी बताया कि राज्य सरकार की थीम “नव उत्थान, नई पहचान – बढ़ता राजस्थान, हमारा राजस्थान” के अंतर्गत दो वर्ष की उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार रथ वाहिनी के माध्यम से जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी गणपतलाल सुथार, उपायुक्त डॉ. अर्चना व्यास, जिला स्तरीय अधिकारी, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, स्वयंसेवी संगठन एवं बड़ी संख्या में आमजन ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान करते हुए शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संकल्प लिया।


