भास्कर न्यूज| चाईबासा केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण (राज्य) मंत्री तथा संसदीय कार्य मंत्री, भारत सरकार डॉ. एल मुरुगन चाईबासा यात्रा के दूसरे दिन उपायुक्त सभागार में जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान मंत्री के साथ चाईबासा उपायुक्त कुलदीप चौधरी, पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर और उप विकास आयुक्त संदीप कुमार मीणा और विभिन्न विभागों और योजनाओं से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। स्वास्थ्य और पोषण, शिक्षा, कृषि और जल संसाधन, आधारभूत संरचना, कौशल विकास और वित्तीय समावेशन से जुड़े चाईबासा में चलाए जा रहे अभियान और इनसे जुड़े आंकड़ों की समीक्षा कर अपने विचार और सुझाव साझा किए। मंत्री ने जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति, कुपोषित बच्चों से जुड़े आंकड़ों, टीबी के इलाज और प्रबंधन, आंगनवाड़ी केंद्रों को स्थिति, सड़क, बिजली, पानी, विद्यालयों की संख्या और वर्तमान स्थिति, सेल्फ हेल्प ग्रुप की स्थिति, जन-धन खातों की संख्या, मृदा स्वास्थ्य से जुड़े आंकड़े, एक जिला एक उत्पाद से जुड़े कार्यों की बारीकी से समीक्षा की और अपने सुझाव दिए। इस मौके पर मंत्री ने कहा कि सरकार को अपनी ताकत का इस्तेमाल कर लोगों की जिंदगी को बेहतर बनाना है। सबका साथ-सबका विकास प्रधानमंत्री का लक्ष्य है। जिला अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि स्कूल में ड्रॉप आउट की दर को कम करना जरूरी है। आयुष्मान भारत योजना के लाभर्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम किया जाए। केंद्रीय मंत्री ने चाईबासा सदर स्थित “पीएम श्री स्कूल’ टाटा कॉलेज कॉलोनी, मध्य विद्यालय का भ्रमण किया। इस दौरान मा.मंत्री ने साइंस लैब, कंप्यूटर लैब व संचालित क्लासरूम का अवलोकन करते हुए अध्यनरत विद्यार्थियों संग वार्तालाप भी किया। केंद्रीय मंत्री ने जिले में ड्रोन दीदी योजना को और बेहतर बनाने का सुझाव दिया तथा श्रम विभाग के अधिकारियों को बाल श्रम को रोकने के लिए विशेष कैंपेन चलने का निर्देश दिया। वहीं पीएम आवास योजना के तहत गरीबों को आवास आवंटन के लक्ष्यों को पूरा करने और जल जीवन मिशन के तहत लक्ष्य को त्वरित कार्रवाई कर प्राप्त करने की बात कही। चाईबासा में पीएमश्री स्कूल का किया निरीक्षण


