सरकार बनाने की नहीं, झारखंड की अस्मिता व संस्कृति बचाना बड़ी चुनौती : आदित्य साहू

प्रदेश भाजपा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड के पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए अभी संघर्षों और चुनौतियों का समय है। हम सभी के लिए झारखंड में सरकार बनाने की नहीं, बल्कि आज झारखंड की अस्मिता और संस्कृति बचाने की बड़ी चुनौती है। भले ही हम विरोधियों के झूठ-फरेब के कारण सरकार नहीं बना पाए। लेकिन जनता का भरोसा आज भी भाजपा पर है। जनता हमें उम्मीद भरी नजरों से देख रही। सभी को पता है कैसे आए दिन घोटाले उजागर हो रहे हैं। राज्य के जल, जंगल,जमीन पर डाका डाला जा रहा। लैंड जिहाद, लव जिहाद के सहारे कैसे गरीब आादिवासी दलितों की जमीन लूटी जा रही। उन्हें परंपरा व संस्कृति से काटने का लगातार बड़े पैमाने पर षडयंत्र चल रहा है। राज्य घुसपैठियों की शरण स्थली बन गया है। घुसौपैठियों को सत्ता का संरक्षण है। आदित्य साहू बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। आदित्य ने कहा कि वे एक अदना सा कार्यकर्ता थे। कुच्चू बूथ पर पर वोट की पर्ची काटने का काम करते थे। लेकिन भाजपा ही है जो साधारण से साधारण कार्यकर्ता को पार्टी के शीर्ष तक पहुंचा सकती है। दूसरे किसी दल में यह संभव नहीं। वे सौभाग्यशाली हैं कि उन्हें एक सुसज्जित सेना की अगुवाई करने के योग्य पार्टी ने समझा है। यह बड़ा ही गुरुत्तर दायित्व है। वे कण- कण पार्टी को समर्पित करने की कोशिश करेंगे। वे भले अगली पंक्ति में बैठे दिखेंगे, लेकिन उनका मन हमेशा पार्टी के अंतिम पायदान पर बूथों पर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं से जुड़ा रहेगा। कार्यकर्ता पार्टी का आधार हैं। वे सौभागशाली हैं कि संगठन के पास अनुभवी और प्रभावशाली नेतृत्व का खजाना है। प्रदेश भाजपा के निर्वतमान अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य की वर्तमान सरकार ने झारखंड को गर्त में धकेल दिया है। विधि- व्यवस्था ध्वस्त है। अपराधी बेलगाम हैं और पुलिस वसूली में मस्त है। एक तरफ पुलिस की वसूली और दूसरी ओर भ्रष्टाचार है। हमारे सामने चुनौतियां हैं। हमें संघर्ष करना होगा। राज्य गठन को 25 साल हो गए। पीछे मुड़कर देखते हैं तो प्रदेश की यात्रा जहां तक पहुंचनी थी, उसमें थोड़ी कसर रह गई है। आज जिस प्रकार की चुनौती है, उसका डटकर मुकाबला करना है, तो एक-एक बूथ को संगठन से मजबूत करना है। भाजपा लगातार झारखंड की समस्याओं को लेकर आंदोलन कर रही है। भाजपा का संघर्ष जारी रहेगा। आगे की अधूरी लड़ाई हम सब आदित्य साहू के नेतृत्व में लड़ेंगे व भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेंकेंगे। चुनाव अधिकारी एवं केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम ने कहा कि नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में संगठन को मजबूती मिलेगी और झारखंड में भाजपा की मजबूत सरकार बनेगी। केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि झारखंड के जल-जंगल-जमीन की सुरक्षा की लड़ाई अब भाजपा कार्यकर्ता आदित्य के नेतृत्व में लड़ेंगे और ऐतिहासिक विजय प्राप्त करेंगे। पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि आदित्य साहू के नेतृत्व में प्रदेश भाजपा नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी। एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव ने कहा कि नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद पूरे प्रदेश के कार्यकर्ताओं में उत्साह है। हम सब मिलकर इनके नेतृत्व में संगठन को मजबूत करेंगे और जोर -शोर से झारखंड की सत्ता में आएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *