सरकार बस्तर व अबूझमाड़ के विकास के लिए प्रतिबद्ध: कश्यप

जिले के दूरस्थ अंचल छोटेडोंगर में विकास की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए राज्य के वन मंत्री केदार कश्यप तथा बस्तर सांसद महेश कश्यप ने 6 करोड़ 3 लाख 97 हजार रुपये की लागत से होने वाले सात महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सरकार बस्तर और अबूझमाड़ जैसे दूरस्थ क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। आने वाले वर्षों में यह इलाका प्रदेश का एक मॉडल क्षेत्र बनेगा। उन्होंने ओरछा से नारायणपुर तक प्रस्तावित सड़क निर्माण को तीन चरणों में पूरा करने की जानकारी दी और स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा। लापरवाही मिलने पर ठेकेदारों के टेंडर निरस्त कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने छोटेडोंगर हायर सेकेंडरी स्कूल में शेड निर्माण की भी घोषणा की। एक दिवसीय जिले के भ्रमण पर पहुंचे दोनों जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा, सड़क और वन अधोसंरचना से जुड़े कार्यों की शुरुआत हुई, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। इस अवसर पर सुशासन एक्सप्रेस व विभिन्न विभागों के शिविर भी लगाए गए। पशुपालन विभाग ने स्वसहायता समूह की महिलाओं को किट वितरित किए, वहीं भारत माता स्वसहायता समूह को ई-रिक्शा प्रदान किए गए। खाद्य एवं पोषण सुरक्षा योजना के तहत किसानों को मसूर बीज, आय-निवास-जाति प्रमाण पत्र और किसान किताब वितरित की गई। समाज कल्याण विभाग ने सहायक उपकरण बांटे, जबकि सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को साइकिलें दी गईं। स्वास्थ्य विभाग ने आयुष्मान कार्ड वितरित कर ग्रामीणों को योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाया। केन्द्र व राज्य के समन्वय से विकास को गति देंगे: महेश बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू कर क्षेत्रीय विकास को गति दी जाएगी। डीएमएफ मद की राशि से भी विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने महतारी वंदन योजना, तेंदूपत्ता संग्राहकों के हित में योजनाएं, प्रधानमंत्री आवास योजना और मोदी की गारंटी का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन में छत्तीसगढ़ तेजी से आगे बढ़ रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *