भास्कर न्यूज | जशपुरनगर सुशासन तिहार–समाधान शिविर कार्यक्रम में जनता के बीच पहुंचकर जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जशपुर विधायक रायमुनी भगत ने ग्रामीणों को प्रेरित किया। उन्होंने राज्य और केंद्र सरकार की सभी लाभकारी योजनाओं की जानकारी साझा की और ग्रामीणों से इनका लाभ उठाने का आग्रह किया। यह कार्यक्रम शासन की मंशा के अनुरूप “सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण” की भावना से प्रेरित रहा। जशपुर के ग्राम लोखंडी में सुशासन समाधान शिविर का आयोजन हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में जशपुर विधायक रायमुनी भगत उपस्थित रहीं। शिविर में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उन्होंने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और समाधान शिविरों के माध्यम से योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे इन योजनाओं का लाभ लें और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें। भगत ने आगे कहा कि सुशासन तिहार जैसे आयोजन न केवल जागरूकता फैलाते हैं, बल्कि लोकतंत्र की नींव को भी मजबूत करते हैं। इस आयोजन में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके लिए उन्होंने सभी का आभार व्यक्त किया और भरोसा दिलाया कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास तेज गति से किया जाएगा। इस दौरान प्रतिमा भगत, जशपुर एसडीएम, जशपुर तहसीलदार, आशुतोष राय, सरपंच, सचिव और समस्त ग्रामवासी उपस्थित रहे।


