कोंडागांव जिला मुख्यालय के सरगीपाल रोड स्थित एक मकान में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम द्वारा सोमवार सुबह से छापेमारी की जा रही है। जानकारी के अनुसार, एसीबी की टीम कोणार्क जैन के आवास में प्रवेश कर पिछले करीब दो घंटे से दस्तावेजों और लेन-देन से जुड़े कागजात की बारीकी से जांच कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, इस जांच का संबंध वर्ष 2019-20 के दौरान डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन (DMF) मद से होने वाली सप्लाई से जुड़ी कथित अनियमितताओं की शिकायतों से हो सकता है। हालांकि, एसीबी की ओर से अभी तक इस संबंध में किसी भी स्तर पर आधिकारिक पुष्टि या बयान जारी नहीं किया गया है। मौके पर मौजूद एसीबी टीम घर के अंदर जांच में व्यस्त है और किसी भी अधिकारी ने मीडिया से बातचीत नहीं की है। इस रेड की खबर फैलते ही स्थानीय क्षेत्र में चर्चाएं तेज हो गई हैं। फिलहाल कार्रवाई जारी है और आधिकारिक जानकारी मिलने का इंतजार है।


