सरगुजा-ओलंपिक के लोगो, शुभंकर “गजरु“ का CM ने किया अनावरण:बस्तर ओलंपिक की तरह सरगुजा ओलंपिक का होगा आयोजन,साढ़े तीन लाख खिलाड़ियों ने कराया पंजीयन

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित समारोह में सरगुजा ओलंपिक के प्रतीक चिन्ह (लोगो) एवं शुभंकर “गजरु” का अनावरण किया। उन्होंने सरगुजा अंचल के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अब बस्तर की भांति सरगुजा की खेल प्रतिभाओं को भी अपनी क्षमता दिखाने का सशक्त मंच मिलेगा। सरगुजा ओलंपिक की प्रतियोगिताएं 28 जनवरी से शुरू हो गई हैं। मुख्यमंत्री ने 12 खेल विधाओं में लगभग 3 लाख 50 हजार खिलाड़ियों के पंजीयन पर खुशी जाहिर करते हुए कि यह संख्या सरगुजा अंचल के युवाओं के उत्साह, ऊर्जा और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक में जनभागीदारी ने इसे राष्ट्रीय स्तर पर खास पहचान दिलाई है और अब वही उत्साह सरगुजा ओलंपिक को भी नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। डिप्टी सीएम बोले-खिलाड़ियों को मिलेगा मंच
डिप्टी सीएम तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि सरगुजा के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा और कौशल दिखाने का अच्छा मंच मिलेगा। इसके विजेता खिलाड़ियों को राज्य की प्रशिक्षण अकादमियों में सीधे प्रवेश दिया जाएगा। उन्हें यूथ आइकॉन घोषित कर युवाओं व बच्चों को खेलों से जुड़ने और खेलने के लिए प्रेरित किया जाएगा। लोगो में सरगुजा की सांस्कृतिक विरासत
सरगुजा ओलंपिक 2026 का लोगो इस अंचल की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और खेल भावना का जीवंत प्रतीक है। लोगो के केंद्र में मैनपाट स्थित प्रसिद्ध टाइगर पॉइंट जलप्रपात को दर्शाया गया है। मध्य भाग में अंकित “सरगुजा ओलंपिक 2026” आयोजन की स्पष्ट पहचान के साथ स्थानीय गौरव और अस्मिता को अभिव्यक्त करता है।चारों ओर 12 खेलों के प्रतीक चिन्ह समावेशिता और समान अवसर का संदेश देते हैं। सरगुजा ओलम्पिक 2026 का शुभंकर गजरु को रखा गया है, जो सरगुजा अंचल की प्राकृतिक व सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर आयोजित होगी खेल प्रतिभाएं
सरगुजा ओलंपिक के लिए इसमें 1.59 लाख पुरुष और 01.89 लाख महिलाओं ने पंजीयन कराया है। प्रतियोगिता में कबड्डी, खो-खो, तीरंदाजी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, हॉकी, कुश्ती, रस्साकसी, कराते, रिले रेस सहित 12 विधाओं में विकासखंड, जिला तथा संभाग स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। तीन चरणों में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता के विकासखंड स्तर की शुरुआत 28 जनवरी से हो गई है, जो 03 फरवरी तक जारी रहेगा। जिला स्तरीय आयोजन 05 फरवरी से 10 फरवरी तक होगा। इसी प्रकार आयोजन का अंतिम स्तर संभाग स्तरीय प्रतियोगिता 01 मार्च से 03 मार्च तक आयोजित होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *