सरगुजा ओलंपिक में 966 खिलाड़ी हुए शामिल

भास्कर न्यूज | रामानुजनगर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामानुजनगर के खेल मैदान में आयोजित तीन दिवसीय विकासखंड स्तरीय सरगुजा ओलंपिक खेल प्रतियोगिता का शुक्रवार को समापन समारोह हुआ। प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग के 453 बालक-बालिकाओं एवं सीनियर वर्ग के 513 महिला-पुरुष खिलाड़ियों सहित कुल 966 प्रतिभागियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में भाग लेकर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक भूलन सिंह रहे। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक भूलन सिंह ने कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार ऐसे आयोजन कर रही है, जिससे ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को निखारने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार बस्तर ओलंपिक की चर्चा आज पूरे देश में हो रही है, उसी तर्ज पर सरगुजा ओलंपिक भी युवाओं को एक सशक्त मंच प्रदान कर रहा है। केंद्र सरकार द्वारा ‘खेलो इंडिया’ के माध्यम से भी युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। विधायक ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि विकासखंड स्तर पर विजेता रहे खिलाड़ी जिला एवं संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे। इस सरगुजा ओलंपिक खेल प्रतियोगिता के अंतर्गत 17 से अधिक प्रकार के व्यक्तिगत एवं दलीय खेल आयोजित किए गए। समापन समारोह में जनपद अध्यक्ष गुलाब सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि राजलाल राजवाड़े, भाजपा मंडल अध्यक्ष पवन सिंह, अनिल साहू, महामंत्री सौभाग्य दुबे, सुमित साहू, जनपद सदस्य मानिकचंद्र सिंह, कलेश्वरी सुंदर लाल सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मंचासीन रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *