आबकारी विभाग के संभागीय उड़नदस्ता दल ने सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर से लगे कांतिप्रकाशपुर में ट्रांसपोर्टर के गोदाम से 300 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त किया है। जब्त शराब की कीमत 40 लाख रुपए आंकी गई है। ट्रांसपोर्टर द्वारा नए वर्ष में खपाने के लिए अंग्रेजी शराब की खेप हरियाणा से मंगाई गई थी। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, आबकारी विभाग के संभागीय उड़नदस्ता प्रभारी रंजीत गुप्ता की टीम ने बुधवार को अंबिकापुर से लगे कांतिप्रकाशपुर में ट्रांसपोर्टर सौरभ सिंह के गोदाम में छापा मारा। गोदाम से 300 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त किया गया है। अवैध शराब हरियाणा से लाकर गोदाम में रखा गया था। नववर्ष में खपाई जानी थी शराब आबकारी उड़नदस्ता दल प्रभारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि सौरभ सिंह से एक वर्ष पूर्व भी 30 लाख रुपए की अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की गई थी। एक माह से उसकी निगरानी उड़नदस्ता टीम कर रही थी। दल को कांतिप्रकाशपुर में शराब की खेप छिपाकर रखने की जानकारी मिली तो आज सुबह छापा मारा गया है। रंजीत गुप्ता ने बताया कि पकड़ी गई अंग्रेजी शराब उच्च क्वालिटी की ब्लैक डाग व्हिस्की है। सौरभ सिंह द्वारा ट्रांसपोर्टिंग का कारोबार किया जाता है। उसने ट्रांसपोर्टिंग के दौरान ट्रकों से यह शराब मंगाई थी। गत वर्ष जो शराब जब्त की गई थी, वह पंजाब राज्य की थी। इस बार हरियाणा की शराब जब्त हुई है। यह जानकारी एकत्र की जा रही है कि उक्त शराब किस माध्यम से मंगाई गई थी। रंजीत गुप्ता ने बताया कि मामले में आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आबकारी अमले ने आरोपी को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच की जा रही है। दूसरे राज्यों से आ रही है शराब सरगुजा संभाग में दूसरे राज्यों से शराब बड़े पैमाने पर खपाई जा रही है। सरगुजा में मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश के साथ ही अन्य राज्यों से शराब लाई जा रही है। इसके पहले भी दूसरे राज्यों की शराब पकड़ी गई है। अवैध शराब पकड़े जाने की इस वर्ष की यह सबसे बड़ी कार्रवाई है।


