सरगुजा जिले के बरगीडीह, खाराकोना में 2 दिनों से लापता किसान का शव खेत में पड़ा मिला। उसके सिर और गले पर गहरे चोट के निशान मिले हैं। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रथम दृष्टया किसान की हत्या कर शव को खेत में फेंके जाने की आंशका है। मामला लुण्ड्रा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, बरगीडीह से लगे ग्राम पंचायत खाराकोना निवासी भादवा तिर्की (48) 25 अगस्त को खेत में काम करने के लिए निकला था, लेकिन नहीं लौटा। परिजन उसकी खोजबीन कर रहे थे। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने उसका शव खेत में पड़ा देखा। घटना की सूचना पर लुण्ड्रा थाना प्रभारी एसएन पटेल की टीम मौके पर पहुंची। सिर और गले पर चोट के निशान मृतक भादवा तिर्की के सिर पर गहरे चोट के निशान हैं। गले और पीठ में भी चोट के निशान हैं। उसका शव घर से करीब 300 मीटर दूर पड़ा मिला है। मृतका की पत्नी ने बताया कि, 25 अगस्त को भादवा घर से फावड़ा लेकर खेत जाने के लिए निकाला था। वो कुछ देर बाद खेत पहुंची, तो खेत के मेड़ में फावड़ा रखा हुआ मिला। भादवा तिर्की वहां नहीं मिला। भादवा की पत्नी और भाई सहित परिवार के अन्य सदस्य लगातार उसकी खोजबीन कर रहे थे। उसके गांव में वापस जाने की आशंका पर भी पूछताछ की गई, लेकिन पता नहीं चला। आज सुबह मृतक के छोटे भाई को ही भादवा का शव खेत में पड़ा दिखा। हत्या की आशंका पर जांच में जुटी पुलिस इस मामले में प्रथम दृष्टया भादवा तिर्की की हत्या की आशंका है। सिर और गले में गहरे चोट के निशान मिले हैं। खून बहने का निशान मिला है। पुलिस ने शव को पंचनामा के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। लुण्ड्रा पुलिस ने कहा कि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों का बयान भी लिया है।


