सरगुजा में छात्राओं से वापस मंगाई गुणवत्ताहीन सरस्वती साइकिलें:मैनपाट में जमा कराई जा रही साइकिल,दुबारा बांटीं जाएंगी अच्छी साइकिल

सरस्वती साइकिल योजना के तहत सरगुजा जिले में गुणवत्ताहीन साइकिलें बांट दी गईं। सीतापुर विधायक ने इसपर कड़ाई की तो अब साइकिलों को छात्राओं से वापस जमा कराया जा रहा है। छात्राओं को बांटने के लिए नई साइकिलें भी आ गई हैं, जिन्हें दुबारा बांटा जाएगा। सरगुजा डीईओ ने बताया कि साइकिलों का भुगतान रोका गया है। जानकारी के मुताबिक, सरगुजा जिले के मैनपाट ब्लॉक में सरस्वती योजना के तहत बांटी गई साइकिलों को वापस स्कूलों में जमा कराया जा रहा है। स्कूलों के प्रिंसिपल छात्राओं को फोन कर साइकिलें जमा करने का निर्देश दे रहे हैं। इस संबंध में मैनपाट बीईओ ने भी साइकिलों को वापस जमा करने का निर्देश जारी किया है। पहले जो साइकिलें बांटी गईं, वे गुणवत्ता में खरी नहीं हैं। विधायक की नाराजगी के बाद दुबारा मिलेगी साइकिलें
सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने सरस्वती साइकिलों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई तो साइकिलों का भुगतान रोक दिया गया। बतौली में सरस्वती साइकिल योजना के तहत वितरण कार्यक्रम में पहुंचे विधायक रामकुमार टोप्पो ने घटिया साइकिलों को देखकर उनका वितरण करने से इनकार कर दिया था और विधानसभा क्षेत्र में अच्छी गुणवत्ता की साइकिलें बांटने का निर्देश दिया। विधायक की नाराजगी के बाद जहां साइकिलें वितरित नहीं हुई थीं, वहां वितरण नहीं किया गया, लेकिन इसके पहले मैनपाट एवं सीतापुर ब्लॉकों में अधिकांश स्थानों पर साइकिलें बांट दी गई थीं। अब छात्राओं को बांटी गई साइकिलों को वापस मंगाया जा रहा है छात्राओं को मिलेगी नई साइकिलें
बताया गया है कि विधायक की पहल पर अच्छी गुणवत्ता की साइकिलों की खेप पहुंच गई है, जिन्हें वंदना में एसेंबल किया जा रहा है। छात्राओं को फिर से अच्छी गुणवत्ता वाली साइकिलें दी जाएंगी। मैनपाट के नर्मदापुर में 84, कमलेश्वरपुर में 72 साइकिलों को वापस मंगा लिया गया है। अन्य स्कूलों में भी साइकिलों को वापस जमा कराया जा रहा है। खराब गुणवत्ता की साइकिल बांटने पर सवाल
जिलेभर में सरस्वती योजना के तहत जो साइकिलें बांटी गई हैं, उनकी गुणवत्ता कमजोर होने पर सवाल उठ रहे हैं। साइकिलों की सीट निकल जा रही है। चैन टूट जा रहे हैं। अन्य कलपुर्जे खराब हो रहे हैैं। अधिकारियों ने साइकिलों की गुणवत्ता जांचे बिना ही उन्हें बंटवा दिया। रोका गया है भुगतान-डीईओ
डीईओ दिनेश झा ने बताया कि विधायक रामकुमार टोप्पो द्वारा छात्राओं के लिए नई एवं गुणवत्ता वाली साइकिलें मंगवाई गई हैं, जिनका वितरण किया जाना है। इस कारण बीईओ द्वारा बांटी गई साइकिलों को वापस मंगाने का आदेश जारी किया गया है। डीईओ ने बताया कि हमारे द्वारा सप्लायर का भुगतान रोका गया है। सही गुणवत्ता की साइकिलों की सप्लाई के बाद भुगतान किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *