सरगुजा में दशहरा पर शस्त्र पूजन, खुला पुरातन पैलेस:परंपरा के अनुसार सिंहदेव से मिलने पहुंचे लोग, शाम को पीजी कॉलेज मैदान में रावण दहन

सरगुजा में रियासतकालीन परंपरा के अनुसार दशहरा के अवसर पर सरगुजा पैलेस में राजपरिवार के मुखिया टीएस सिंहदेव सहित राजपरिवार ने शस्त्र पूजन किया। इसके बाद वे लोगों के मुलाकात के लिए पैलेस में पहुंचे। सरगुजा का पुरातन पैलेस दशहरा के अवसर पर आम लोगों के लिए खोला जाता है। वहीं, विजयादशमी पर पुलिस लाइन में भी शस्त्र पूजन किया गया। अंबिकापुर में शाम को पीजी कॉलेज मैदान में 85 फुट के रावण, 65-65 फुट के कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। सरगुजा में दशहरा की रियासतकालीन परंपरा रही है। रियासतकाल में संधि पूजन के बाद से ही दशहरा का महोत्सव शुरू हो जाता था। संधि पूजन के बाद राजा पैलेस में पहुंचते हैं तो आदिवासी समुदाय की ओर से द्वार पूजा की परंपरा है। दशहरा के अवसर पर राजपरिवार के मुखिया टीएस सिंहदेव सहित उनके भतीजे आदितेश्वर शरण सिंहदेव ने नगाड़ा और शस्त्र पूजन किया। सरगुजा पैलेस में पहुंचे हजारों लोग रियासतकाल से चली आ रही परंपरा के अनुसार, शस्त्र पूजन के बाद पैलेस आम लोगों के लिए खोला जाता है। इस अवसर पर राजपरिवार के मुखिया को दशहरा की बधाई देने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।रियासतकाल में दशहरा के अवसर पर हाथियों से राजा की सवारी निकलती थी। हालांकि, यह परंपरा अब बंद हो गई है। पुलिसलाइन में IG, SP ने की शस्त्र पूजा पुलिस लाइन में दशहरा के अवसर पर शस्त्र पूजन किया गया। सरगुजा आईजी दीपक कुमार झा और एसपी राजेश अग्रवाल ने विधि विधान के साथ शस्त्र पूजन किया। इस दौरान पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे। IG ने दशहरा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सत्य, न्याय की राह कठिन जरूर होती है, लेकिन उसकी विजय निश्चित है। पीजी कॉलेज मैदान में रावण दहन, बदला गया ट्रेफिक दशहरा के अवसर पर सरगुजा जिला प्रशासन, सरगुजा सेवा समिति और नागरिक सेवा समिति के संयुक्त तत्वाधान में 85 फुट के रावण, 65-65 फुट के कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। इसके पहले राम मंदिर से शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें हजारों की संख्या में लोग पहुंचते हैं। कई मार्ग होंगे बंद, पार्किंग के लिए 10 स्थल दशहरा पर्व के दौरान भारी वाहनों के लिए अंबिकापुर शहर में दोपहर 03.00 बजे से रात्रि 11.00 बजे तक नो एंट्री रहेगी। मनेंद्रगढ़ रोड और बनारस रोड की ओर से आने वाली सभी यात्री बसों और अन्य चार पहिया वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है। ये वाहन साईं मंदिर तिराहा से होकर महापौर मार्ग, रावत रेजीडेंसी तिराहा, कन्या परिसर रोड होते हुए गंगापुर मोड़ (मासूम अस्पताल के पास) पहुंचेंगे। वहां से रिंग रोड और बस स्टैंड होते हुए अपने-अपने गंतव्य की ओर आगे बढ़ेंगे। गढ़वा रोड और प्रतापपुर रोड की ओर से आने वाली सभी यात्री बसों और अन्य चार पहिया वाहन रिंग रोड से डायवर्ट किए जाएंगे। ये वाहन प्रतापपुर चौक, लरंगसाय चौक, चांदनी चौक, सद्भावना चौक, भारत माता चौक होते हुए बस स्टैंड की ओर बढ़ेंगे और वहां से अपने-अपने गंतव्य स्थान की ओर रवाना होंगे। रायगढ़ रोड और बिलासपुर रोड की ओर से आने वाली सभी यात्री बसों और अन्य चार पहिया वाहनों को रिंग रोड से डायवर्ट किया जाएगा। यह वाहन भारत माता चौक, बिलासपुर चौक, नया बस स्टैंड, मासूम अस्पताल के पास गंगापुर मोड़, माखन विहार तिराहा होते हुए डड़ल रोड की ओर बढ़ेंगे और वहां से अपने-अपने गंतव्य की ओर जाएंगे। दशहरा के लिए 10 पार्किंग स्थल औ‌द्योगिक रोड- VVIP पास धारियों के लिए पार्किंग कॉलेज गेट- ड्यूटी में कार्यरत सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के वाहन के लिए पार्किंग स्थल डाइट/पटवारी प्रशिक्षण मैदान- आकाशवाणी चौक से आने वाले आम जनता के वाहन के लिए पार्किंग स्थल। बनारस रोड दुबे प्लाट-बनारस रोड की ओर से आने वाले आम जनता के वाहनों के लिए पार्किंग स्थल नवापारा चर्च मैदान- आकाशवाणी चौक की ओर से आने वाले आम जनता के वाहनों के लिए पार्किंग स्थल। सर्कस मैदान- अम्बेडकर चौक की ओर से आने वाले आम जनता के वाहनों के लिए पार्किंग स्थल । इसके अलावे पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान, राजमोहिनी देवी भवन परिसर एवं मैदान, किसान राइस मिल मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *