सरगुजा में भीषण आग, अंबेडकर चौक की 8 दुकानें खाक:सवा करोड़ से अधिक के नुकसान का अनुमान, शार्ट सर्किट से सुबह आग लगने की आशंका

अंबिकापुर के अंबेडकर चौक में संचालित ऑटो, फर्नीचर, डेकोरेशन के दुकानों में सुबह करीब 4 बजे आग लग गई। देखते ही देखते आग ने 8 दुकानों को चपेट में ले लिया। सूचना के करीब एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, तब तक आग भयावह हो गई। फायर ब्रिगेड ने दो घंटे में आग पर काबू पा लिया। आगजनी से करीब सवा करोड़ के नुकसान का अनुमान है। आगजनी का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, अंबेडकर चौक में संचालित फर्नीचर दुकान में मंगलवार सुबह करीब 4 बजे आग लग गई। सुबह करीब 4.30 बजे मार्ग से गुजर रहे राहगीर ने बोर्ड में लगे नंबर से संचालक राकेश अग्रवाल को फोन कर आगजनी की जानकारी दी। राकेश अग्रवाल ने तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड की टीम के साथ ही कंट्रोल रूम एवं डायल 112 की टीम को दी। एक घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड, 8 दुकानें खाक
फर्नीचर दुकान में प्लास्टिक एवं फोम के सामानों में लगी आग भड़क गई और कुछ ही देर में आग सक्षम ई-रिक्शा, मारुती इलेक्ट्रॉनिक्स सहित 8 दुकानों तक फैल गई। आग की लपटें करीब 30 फुट तक ऊंची उठने लगी। संचालक राहुल अग्रवाल ने बताया कि सूचना के करीब पौन घंटे बाद तक फायर ब्रिगेड की टीम नहीं पहुंची तो उन्होंने एएसपी अमोलक सिंह के पर्सनल नंबर पर फोन किया। तब प्रशासन एवं पुलिस का अमला सक्रिय हुआ। करीब पौन घंटे बाद फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाना शुरू किया। दूसरी गाड़ी कुछ देर में आई, लेकिन उसका सिस्टम काम नहीं कर रहा था। आग फैलकर पास ही संचालित नाश्ते की दुकान तक पहुंच गई, जहां रखे गए छोटे सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया, जिससे नाश्ते की दुकान भी पूरी तरह से जल गई। राकेश अग्रवाल द्वारा दुकानों के पीछे फैक्ट्री में आलमारी व फर्नीचर निर्माण एवं पेंट का काम भी कराया जाता था। आग ने फैक्ट्री को भी चपेट में ले लिया। अंबिकापुर फायर ब्रिगेड के साथ दरिमा एयरपोर्ट की फायर ब्रिगेड टीम को बुलाया गया। एयरपोर्ट फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया। राकेश अग्रवाल ने बताया कि आगजनी से कुल सवा से डेढ़ करोड़ का नुकसान संभावित है। आशंका है कि आग फर्नीचर दुकान में शार्ट सर्किट के बाद फैली। फायर ब्रिगेड पर लापरवाही का आरोप
राकेश अग्रवाल ने बताया कि सूचना के तत्काल बाद फायर ब्रिगेड की टीम पहुंच जाती तो करीब 20 प्रतिशत ही नुकसान होता। फायर ब्रिगेड की टीम को पहुंचने में एक घंटे लग गए। आग से ई रिक्शा, बैटरी, मारुती इलेक्ट्रानिक्स के सभी सामान जल गए हैं। फर्नीचर एवं डेकोरेशन का भी कीमती सामान जलकर खाक हो गया। गांधीनगर पुलिस आगजनी मामले की जांच कर रही है। ट्रेफिक चालू रखने जूझती रही पुलिस
अंबेडकर चौक में लगी आग की सूचना पर गांधीनगर, कोतवाली, मणिपुर पुलिस टीम के साथ ही ट्रेफिक पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। चौक के दुकानों में लगी आग के कारण ट्रेफिक को चालू रखने के लिए पुलिस टीम घंटों मशक्कत करती रही। सुबह स्कूल वैन-बसों को भी ट्रेफिक में फंसना पड़ा। यहां घंटों ट्रेफिक जाम की स्थिति बनी रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *