सरगुजा जिले में जशपुर से मेहमानी करने आए युवक की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी युवक भाग गया। बताया जा रहा है कि, आरोपी की बहन को उसका दोस्त दो दिन पहले भगा ले गया था। बहन को भगाने में सहयोग करने की आशंका पर मार डाला। घटना धौरपुर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, जशपुर जिले के बगीचा थाना के ग्राम अंबा पकरी निवासी रतनू कोरवा (28) तीन दिन पहले अपने एक साथी के साथ जटासेमर गांव में मेहमानी करने आया था। रतनू कोरवा का दोस्त गांव की एक लड़की को दो दिन पहले भगा ले गया। लड़की के भाई मोहर साय को शक था कि रतनू कोरवा ने बहन को भगाने में अपने दोस्त की मदद की है। शराब पीने के दौरान विवाद, टांगी मारकर हत्या रविवार की रात रतनू कोरवा समेत अन्य लोग एक घर में शराब पी रहे थे। शराब पीने के दौरान मोहर साय मौके पर पहुंचा। मोहर साय ने रतनू पर बहन को भगाने में सहयोग करने का आरोप लगाया। इसे लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर मोहर साय ने टांगी लेकर रतनू कोरवा पर हमला कर दिया। रतनू कोरवा भागकर बाड़ी तक पहुंच गया। भाग रहे रतनू कोरवा का पीछा कर मोहर साय ने उसके सिर पर टांगी से कई बार वार कर दिया। रतनू मौके पर गिर गया। सिर पर आई गंभीर चोट के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार, जांच में जुटी पुलिस रतनू कोरवा की हत्या के बाद आरोपी मोहर साय भाग निकला। घटना की सूचना पर धौरपुर थाना प्रभारी अश्वनी दीवान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक एक्सपर्ट ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। थाना प्रभारी अश्वनी दीवान ने बताया कि पुलिस ने मामले में धारा 103(1) का अपराध दर्ज किया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। फिलहाल आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है।


