सरगुजा में शराब के नशे में पत्नी की हत्या,पति गिरफ्तार:आपसी विवाद के बाद डंडे से पीट-पीटकर मार डाला, हत्या के बाद घर में सो गया पति

सरगुजा जिले के ग्राम पुटा में शराब के नशे में धुत पति ने मामूली विवाद के बाद अपनी पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पत्नी की हत्या के बाद आरोपी पति घर में सो गया। सुबह महिला की हत्या की जानकारी परिजनों को मिली तो सूचना थाने में दी गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मामला उदयपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम पूटा निवासी इंजोर साय मझवार सोमवार की रात शराब पीकर घर पहुंचा और अपनी पत्नी नईहारो मझवार (40 वर्ष) से विवाद करने लगा। रात करीब 12 बजे दोनों के बीच विवाद बढ़ गया तो आरोपी पति ने डंडे से पत्नी नईहारो की बेदम पिटाई कर दी। नईहारो बेहोश हो गई तो इंजोर साय घर में आराम से सो गया। सुबह हो गई महिला की मौत, पति गिरफ्तार
मारपीट में गंभीर रूप से घायल नईहारो बाई की मौत हो गई। सुबह परिजनों व गांववालों को इसकी जानकारी मिली तो सूचना उदयपुर थाने को दी गई। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची एवं शव को पंचनामा पश्चात् पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी पति इंजोर साय को हिरासत में लिया है। परिजनों ने बताया कि इंजोर साय शराब पीने का आदी है। वह नशे की हालत में पत्नी एवं बच्चों के साथ आए दिन मारपीट करता था। छेरता के दौरान पिछले चार दिनों से इंजोर साय लगातार शराब पी रहा था। परिजनों ने बताया कि पूर्व में भी आरोपी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास कर चुका है। मृतिका के परिवार में दो पुत्रियां और एक पुत्र हैं। बड़ी पुत्री का विवाह हो चुका है। घटना के दिन छोटी पुत्री पूनम छेरता मनाने ग्राम जीवलिया गई हुई थी, जबकि पुत्र अनिल पड़ोस में अपने रिश्तेदार के घर सोने गया हुआ था। उदयपुर थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। उसके खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज किया जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *