सरगुजा नेशनल हाईवे 43, अंबिकापुर-सीतापुर मुख्यमार्ग पर बीती रात बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार पति-पत्नी और बच्चे की मौत हो गई। हादसा रघुनाथपुर के पास हुआ है। हादसे में पिता-पुत्र की मौके ही मौत हो गई। वहीं महिला ने इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में दम तोड़ दिया। जानकारी के मुताबिक लुंड्रा थाना अंतर्गत ग्राम सिलसिला निवासी राजेश खेस्स (31) अपनी पत्नी ईश्वरी (28) के साथ बाइक से अंबिकापुर के खैरबार अपने पुत्र शुभम खेस्स (7) को लेने आया था। शुभम अपनी मौसी पूजा केरकेट्टा के घर रहकर सेंट मैरी स्कूल में पढ़ाई करता था। क्रिसमस की छुट्टी पर दोनों पुत्र को लेकर वापस घर जाने के लिए रात करीब 10.30 बजे अंबिकापुर से निकले थे। बोलेरो ने मारी टक्कर
इसी दौरान रात करीब 11 बजे रघुनाथपुर पर सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो क्रमांक सीजी 13 यूजी 4617 ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से तीनों उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं राजेश खेस्स और उनके पुत्र शुभम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हॉस्पिटल में महिला की मौत
घटना की सूचना पर रघुनाथपुर पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क तीनों को मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल भेजा। चिकित्सकों ने जांच के बाद पिता-पुत्र को मृृत घोषित कर दिया। वहीं ईश्वरी की इलाज के दौरान रात करीब 1.45 बजे मौत हो गई। रविवार की सुबह पीएम पश्चात पुलिस ने तीनों का शव उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। हादसे में तीनों की मौत से परिजन सदमें में हैं। बताया गया है कि हादसे के दौरान बाइक भी रफ्तार भी तेज थी। आरोपी बोलेरो चालक गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने आरोपी बोलेरो चालक दुधेश्वर कुमार (22) निवासी रघुनाथपुर को गिरफ्तार कर लिया है। चौकी प्रभारी रघुनाथपुर आरएन पटेल ने बताया कि घटना के दौरान आरोपी नशे में धुत था और तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा धारा धारा 105, 125 (क) बीएनएस एक्ट का अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने बोलेरो को जब्त कर लिया है।


