बोर्ड परीक्षाओं के मद्देजनजर अंबिकापुर में एसडीएम एवं सीएसपी ने सभी डीजे संचालकों एवं मैरिज हाल व होटल के मैनेजरों को 10 बजे के बाद डीजे बंद करने सख्त हिदायत दी है। किसी भी सामाजिक, धार्मिक आयोजन, रैली व जुलूस की पूर्व अनुमति लेनी होगी। रात 10 बजे के बाद डीजे बजते मिले तो होटल व लान प्रबंधन भी जिम्मेदार माने जाएंगे। अंबिकापुुर एसडीएम फागेश सिन्हा एवं सीएसपी राहुल बंसल व तहसीलदार उमेश्वर बाज ने कोतवाली थाने में जिले के सभी डीजे संचालकों, मैरिज गार्डन एवं होटल मैनेजरों की बैठक बुलाई। बैठक के दौरान डीजे संचालकों को बोर्ड परीक्षा के दौरान एवं किसी भी सामाजिक, धार्मिक आयोजन, रैली, जुलूस आदि में डीजे संचालन से पूर्व विधिवत अनुमति प्राप्त करने पश्चात ही डीजे सिस्टम लगाने, साउंड सिस्टम की आवाज तय मानकों के अंतर्गत रखने का निर्देश दिया। बैठक में रात्रि 10 बजे के पूर्व तक ही ध्वनि विस्तारक यंत्रो का उपयोग करने के दिशा निर्देश दिए गए। तय समय के बाद ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग करने पर डीजे जब्त होंगे एवं सख्त कारवाई की चेतावनी दी गई है। प्रत्येक होटल मैनेजर एवं मैरिज गार्डन संचालक यह सुनिश्चित करेंगे कि तय समय के बाद किसी भी प्रकार के कार्यक्रम मंे डीजे न बजें। धार्मिक भावनाओं का रखें ख्याल
बैठक में हिदायत दी गई कि डीजे संचालन के दौरान किसी भी धर्म संप्रदाय एवं धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले संगीत नहीं बजाने चाहिए। उन्हें सभी मापदंडों का ध्यान रखने की हिदायत दी गई।
बैठक में पुलिस अधिकारी व सभी सभी डीजे संचालक, मैरिज गार्डन व होटल मैनेजर उपस्थित रहे।


