सरगुजा संभाग में शीतलहरों के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है। हालांकि दिन के तापमान में हुई बढ़ोत्तरी के कारण ठंड का असर कुछ कम होने लगा है। सोमवार को पाट इलाकों में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं अंबिकापुर में दो दिनों से न्यूनतम तापमान 5 डिग्री के करीब दर्ज किया गया है। दो दिनों में अधिकतम तापमान बढ़ने का पूर्वानुमान है। सरगुजा में शीतलहरों का असर जारी है। सोमवार को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री दर्ज किया गया है। इसके पूर्व रविवार को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री दर्ज किया गया था। पाट क्षेत्रों में शीतलहरों के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है। संभाग के पाट क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री के आसपास रहा। कुछ स्थानों पर छिटपुट पाले भी पड़े हैं। सोमवार से खुले बंद प्रायमरी स्कूल
संभाग के चार जिलों सरगुजा, बलरामपुर, सूरजपुर एवं कोरिया में शीतलहरों के कारण पड़ रही कड़ाके की ठंड को देखते हुए चार दिनों तक स्कूलों की छुट्टी कर दी गई थी। सोमवार को फिर से स्कूल खुल गए हैं। वहीं दो पालियों में लगने वाले स्कूल भी सुबह 8.30 बजे से लगना शुरू हो गया है। प्रायमरी स्कूलों की छुट्टी के साथ इन जिलों में पहली पाली के स्कूल 9.30 बजे से लगाने के आदेश जारी किए गए थे। दिन में बढ़ा तापमान, शाम होते ही ठंड
मौसम में बदलाव के कारण दिन का अधिकतम तापमान बढ़ने लगा है। अंबिकापुर का अधिकतम तापमान बढ़कर 23.9 डिग्री दर्ज किया गया है। दिन में तेज धूप के कारण कड़ाके की ठंड से राहत मिल रही है। वहीं शाम होते ही शीतलहरों के कारण ठंड बढ़ जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार मकर संक्रांति के बाद सूर्य के उत्तरायण होने से दिन के तापमान में बढ़ोत्तरी होगी एवं कड़ाके की ठंड से राहत मिलेगी। ठंड से फिलहाल नहीं मिलेगी राहत
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में शीतलहरें का असर जारी रहेगा। शीतलहरों के कारण कड़ाके की ठंड से राहत की उम्मीद नहीं है। हालांकि दिन का अधिकतम तापमान कुछ बढ़ेगा।
मौसम वैज्ञानी एएम भट्ट ने बताया कि शीतलहरों के कारण सरगुजा में न्यूनतम तापमान 4 से 5 डिग्री के आसपास बने रहने का अनुमान है। शीतलहरों का असर एक सप्ताह बाद कम होगा एवं कड़ाके की ठंड से राहत मिल सकती है।


