उत्तर छत्तीसगढ़ में शीतलहरों के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है। जनवरी के पहले सप्ताह में ठंड ने कई वर्षों का रिकार्ड तोड़ दिया है। अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 3 डिग्री के करीब पहुंच गया है। ठंड के कारण सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर एवं कोरिया जिलों में प्रायमरी स्कूल 10 जनवरी तक बंद कर दिए गए हैं। दो पालियों के स्कूल भी 9.30 बजे से लगेंगे। बुधवार को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान गिरकर 3.3 डिग्री दर्ज किया गया है। इसके पूर्व बुधवार को न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री दर्ज किया गया था। पाट इलाके में न्यूनतम तापमान गिरकर 1.5 डिग्री पहुंच गया है। मैदानी इलाकों में भी ओंस की बूंदें जमने लगी हैं। चार जिलों में प्रायमरी स्कूल बंद
सरगुजा संभाग में कड़ाके की ठंड को देखते हुए चार जिलों में प्रायमरी स्कूल 10 जनवरी तक बंद कर दिए गए हैं। सरगुजा व बलरामपुर जिलों के बाद मंगवार देर शाम कोरिया एवं सूरजपुर जिलों में भी प्रायमरी स्कूलों को 10 जनवरी तक बंद करने का आदेश जारी हो गया है। हालांकि मिडिल, हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों का संचालन पूर्ववत जारी रहेगा। ठंड के कारण दो पालियों में संचालित होने वाली कक्षाओं का समय बदल दिया गया है। अब दो पालियों में चलने वाले स्कूल सुबह 8.30 बजे के बजाय 9.30 बजे से 12.30 बजे तक संचालित होंगे। वहीं दूसरी पाली की कक्षाएं दोपहर 12.30 बजे से शाम 4.00 बजे तक लगेंगी। यह आदेश सभी शासकीय, अर्धशासकीय और अनुदान प्राप्त स्कूलों पर लागू होगा। संभाग में जमकर पड़ा पाला, नहीं मिलेगी ठंड से राहत
बुधवार को न्यूनतम तापमान में आई गिरावट के कारण पाट से लेकर मैदानी इलाकों में भी जमकर पाले पड़े। बुधवार को मैनपाट का न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री दर्ज किया गया है। सामरी एवं सोनहत में भी न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री से 2 डिग्री तक दर्ज किया गया है। तापमान में अत्यधिक गिरावट के कारण कोहरा नहीं दिखा। ठंड ने कई वर्षों का रिकार्ड तोड़ा
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 2026 में जनवरी के पहले सप्ताह का औसत न्यूनतम तापमान ने कई वर्षों का रिकार्ड तोड़ दिया है। इस वर्ष जनवरी के पहले सप्ताह का औसत न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री रहा है। वर्ष 2011 के बाद इस वर्ष सर्वाधिक ठंड पड़ रही है। मौसम विज्ञानी एएम भट्ट ने बताया कि आसमान साफ होने के बाद तेजी से शीतलहरें संभाग में प्रवेश कर रही हैं। शीतलहरों के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। फिलहाल ठंड से राहत की उम्मीद नहीं है। सरगुजा में कड़ाके की ठंड को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने चेतावनी जारी कर लोगों से ठंड से बचने की अपील की है। CMHO ने जारी चेतावनी में लोगों को सुबह-शाम पर्याप्त गर्म कपड़े पहनने, अलाव से ठंड दूर करने और जब तक जरूरी न हो, बाहर न निकलने की सलाह दी है। ठंड लगने से हाइपोथर्मिया का खतरा बना रहता है।


