सरगुजिया, सुआ, छत्तीसगढ़ी गीत पर थिरके प्रतिभागी

भास्कर न्यूज | बालोद जिले के ग्राम दुधली में आयोजित प्रथम राष्ट्रीय रोवर रेंजर जंबूरी में शनिवार को सुबह से देर रात तक विभिन्न गतिविधियां हुई। एथनिक फैशन शो, एडवेंचर एरिया, वाटर स्पोर्ट्स, कलर पार्टी एवं बौद्धिक गतिविधियों में शामिल होने के साथ प्रतिभागी रोवर रेंजरों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। सुमधुर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति से लोगों को भाव विभोर किया। मुख्य अतिथि भारत स्काउट गाइड के मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. केके खण्डेलवाल ने कहा कि जंबूरी देश के विभिन्न राज्यों के निवासियों वहां की संस्कृति एवं आचार विचार को जोड़कर प्रतिभागियों में आपसी भाईचारा, देश प्रेम की भावना एवं सामाजिक सौहार्द्र के वातावरण को विकसित करने का कार्य करता है। अध्यक्षता कर रहे भारत स्काउट गाइड के राज्य मुख्य आयुक्त इन्दरजीत सिंह खालसा ने आदिवासी बहुल क्षेत्र में नेशनल राष्ट्रीय रोवर रेंजर जंबूरी के आयोजन को अभिनव एवं महत्वपूर्ण बताया। पद्मश्री डोमार सिंह कुंवर ने इसे गौरव का विषय बताया। आभार प्रदर्शन करते हुए जिला मुख्य आयुक्त राकेश यादव ने विभिन्न राज्यों से पधारे प्रतिभागियों के प्रदर्शन को सराहा। लोक कला की प्रस्तुति दी सांस्कृतिक कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के रोवर रेंजरों ने बस्तर रेला नृत्य किया। इंदिरा गांधी संगीत विश्वविद्यालय के प्रतिभागियों ने सुमधुर सुआ गीत की प्रस्तुति एवं छत्तीसगढ़ के बिलासपुर संभाग के प्रतिभागियों ने मनमोहक छत्तीसगढ़ी नृत्य की प्रस्तुति दी। जो कि आकर्षण का केंद्र रहा। देर रात तक प्रतिभागी रोवर रेंजरों, स्काउट गाइड एवं आम लोगों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम का लुत्फ उठाया। इस दौरान नगर पंचायत डौंडीलोहारा के अध्यक्ष लाल निवेन्द्र सिंह टेकाम, भारत-स्काउट गाइड के कोषाध्यक्ष हेमंत देवांगन, दुधली उप सरपंच मोहित देशमुख सहित अन्य अतिथि उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *