सरदारपुर विधायक ग्रेवाल ने वार्ड 3-4 का दौरा किया:नल में गंदा पानी, सड़क-नाली सुधार व राशन दुकान शुरू करने के दिए निर्देश

सरदारपुर विधायक प्रताप ग्रेवाल ने शुक्रवार शाम को लगातार दूसरे दिन सरदारपुर नगर के वार्ड क्रमांक 3 और 4 का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने रहवासियों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और कई मुद्दों पर तत्काल निर्देश दिए। नगर भ्रमण के दौरान वार्ड 3 में ओंकारलाल यादव, हीरामणि यादव और पप्पू यादव ने नल में कचरा युक्त पानी आने की गंभीर समस्या बताई। इस पर विधायक ग्रेवाल ने नगर परिषद के सीएमओ यशवंत शुक्ला को जल प्रदाय व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। नई राशन वितरण दुकान शुरू करने की मांग
रहवासियों ने वार्ड 1 से 9 तक के नागरिकों के लिए नई राशन वितरण दुकान शुरू करने की मांग की। विधायक प्रताप ग्रेवाल ने खाद्य अधिकारी बीएल मिनारे को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने वार्ड 2 और 4 में स्वीकृत सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने के भी निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, वार्डों में नाली निर्माण को एक प्रमुख समस्या बताते हुए, विधायक ने उपयंत्री कविता जमरे को इसके लिए प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश दिया। नगर कांग्रेस अध्यक्ष बलराम यादव ने वार्ड क्रमांक 3 में शिव मंदिर के पास ट्यूबवेल खनन की मांग रखी, जिस पर विधायक ग्रेवाल ने आगामी समय में ट्यूबवेल खनन कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान नगर परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी अर्पित ग्रेवाल, नगर कांग्रेस अध्यक्ष बलराम यादव, पार्षद संजय जायसवाल सहित कई पार्षद, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के एसडीओ श्रीमंता डोंगरादेव, विद्युत विभाग के कनिष्ठ यंत्री अनिल अमोदे और बड़ी संख्या में रहवासी उपस्थित थे। विधायक कार्यालय के विष्णु चौधरी ने बताया कि नगर के शेष वार्डों का भ्रमण 16 जनवरी के बाद किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *