सरपंच ने ग्रामीणों को दिखाया फर्जी केस का डर:बलौदाबाजार में 22 हजार रुपए की वसूली कर धमकाता रहा, पुलिस ने किया गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में एक सरपंच पर ग्रामीणों से अवैध वसूली का आरोप लगाया है। कसडोल थाना क्षेत्र के गांव मडकडा के सरपंच लखनलाल यादव ने ग्रामीणों को फर्जी पुलिस केस में फंसाने की धमकी देकर पैसे वसूले का आरोप लगाया है। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना 1 अगस्त को हुई एक हत्या से जुड़ी है। उस दिन पुलिस और ग्रामीणों के बीच तनाव हुआ था। इसी का फायदा उठाते हुए सरपंच ने 5 सितंबर को कई ग्रामीणों को अपने घर बुलाया। उसने झूठा दावा किया कि उन सभी के खिलाफ थाने में केस दर्ज है। केस खत्म करवाने के लिए प्रत्येक से 20-20 हजार रुपए की मांग की। 3 से 5 हजार रुपए तक दिए अगले दिन सरपंच कुछ ग्रामीणों को अपनी गाड़ी में थाना ले गया। वहां फिर से धमकी देकर पैसों की मांग की। डर के मारे ग्रामीणों ने 3 से 5 हजार रुपए तक की रकम दे दी। कुल 22 हजार रुपए वसूलने के बाद भी सरपंच बाकी पैसों की मांग करता रहा। ऐसे हुआ मामले का खुलासा जब कुछ ग्रामीणों ने थाने में जाकर पूछताछ की, तो पता चला कि उनके खिलाफ कोई केस दर्ज ही नहीं है। इसके बाद पीड़ितों ने सरपंच के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। बुधराम केंवट की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(4), 318(4) और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *