हरदा में सिविल लाइन थाना पुलिस ने शनिवार रात को 53 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ तीन आरोपियों को पकड़ा। इसकी कीमत करीब 10 लाख 60 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान परमानंद विश्नोई, रामदयाल विश्नोई और हरिशंकर विश्नोई के रूप में हुई है। इनमें परमानंद और रामदयाल पहले से ही पुलिस के रिकॉर्ड में हैं। परमानंद पर हत्या, अड़ीबाजी और अवैध हथियार रखने जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं, रामदयाल ग्राम बेड़ी का वर्तमान सरपंच है, जिसकी पुलिस को लंबे समय से तलाश थी। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज एसपी ऑफिस में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में रविवार को एसपी अभिनव चौकसे ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि हंडिया की तरफ से एक कार में एमडी ड्रग्स ले जाई जा रही है। पुलिस ने इंदौर रोड पर हनुमान मंदिर और बजाज शो रूम के बीच घेराबंदी कर कार को रोका। तलाशी में परमानंद के पास से तीन 3 लाख 20 हजार रुपए मूल्य की 16 ग्राम, रामदयाल के पास से 3 लाख 40 हजार मूल्य की 17 ग्राम और हरिशंकर के पास से 4 लाख रुपए मूल्य की 20 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एसपी चौकसे ने कहा कि पुलिस अगले तीन महीने में जिले से मादक पदार्थों के कारोबार को खत्म करने का लक्ष्य लेकर चल रही है।


