सरायकेला जिले के चांडिल वन रेंज अंतर्गत कुकड़ू प्रखंड में हाथियों का उत्पात बढ़ गया है। चाईबासा में हाथियों के उत्पात के बीच अब कुकड़ू पंचायत के बेरासिसिरुम गांव के रूपरु और खरकोचा टोला में भी जंगली हाथियों की लगातार आवाजाही से ग्रामीण भयभीत हैं। इससे किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं। बीती रात जंगली हाथियों ने मिहिर महतो, बालिका महतो और गौतम महतो की आलू की फसल को पूरी तरह रौंदकर नष्ट कर दिया। इसके अतिरिक्त, सुरेन महतो की पत्तागोभी और नरेंद्र नाथ महतो की धान की फसल को भी भारी नुकसान पहुंचाया गया है। खेतों में खड़ी फसलें बर्बाद होने से किसानों की आर्थिक चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन वन विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस और स्थायी कदम नहीं उठाए गए हैं। लगातार हो रहे इस नुकसान से किसानों में आक्रोश है और पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल गश्ती बढ़ाने, जंगली हाथियों को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर खदेड़ने और प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।


