भास्कर न्यूज| महासमुंद महासमुंद जिले के सरायपाली क्षेत्र में अवैध धान खरीदी के मामलों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश और सरायपाली एसडीएम अनुपमा आनंद के मार्गदर्शन में राजस्व विभाग द्वारा यह प्रतिबंधात्मक कदम उठाया गया। अवैध धान खरीदी में संलिप्त पाए गए 14 कोचियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 126 एवं 135(3) के तहत नोटिस जारी किए गए हैं। इन सभी प्रकरणों की सुनवाई एसडीएम न्यायालय, सरायपाली में की जाएगी। कार्रवाई को प्रभावी बनाने के लिए संबंधित मामलों की सूची एसडीओपी सरायपाली को अग्रिम कार्रवाई के लिए सौंप दी गई है। कलेक्टर विनय लंगेह ने ने स्पष्ट कहा है कि यह कदम जिले में अवैध धान खरीदी पर नियंत्रण स्थापित करने और शासन के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है। यह भी चेतावनी दी है कि भविष्य में अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ इसी प्रकार कठोर और निरंतर कार्रवाई की जाती रहेगी। जिला प्रशासन की इस पहल से क्षेत्र में अवैध धान कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है। धान का अवैध परिवहन व व्यापार करने वाले ये हैं… विद्या मिरी सिंघोडा, संतोष गुप्ता, चारभांठा, गोपाल साहू, चिवराकुटा, दीपक साहू कोईलबहाल, प्रभात मांझी कोकड़ी, शेखर नायक चारभांठा, भरत पटेल सिंगबहाल, नवीन बारिक मौलीखार, अलेख भोई सिरपुर,सोनु अग्रवाल सरायपाली, दीपक अग्रवाल बलौदा, सुरेश साहू जोगनीपाली, महादेवन तेवर सागरपाली तहसील बसना, प्रकाश अग्रवाल सालर सारंगढ शामिल हैं।


