हर साल के अंतिम महीने दिसंबर में क्रिसमस व जनवरी से शुरू होने वाले नववर्ष की पूर्व संध्या पर विश्व विख्यात पर्यटन स्थल स्वर्णनगरी जैसलमेर में पर्यटकों की भीड़ उमड़ने लगती है। इस साल भी आने वाले साल 2025 के आगमन को सेलिब्रेट करने के लिए लोग जैसलमेर की ओर अपना रुख करने लगे है। ऐसे में स्वर्णनगरी जैसलमेर में पर्यटकों की रौनक नजर आ रही है। जैसलमेर के सोनार फोर्ट पर सैलानियों की भीड़ से ही जाम लगने लगा है। गौरतलब है कि इन दिनों सर्दियों के छुट्टीयां हो जाने के कारण भी ज्यादा संख्या में सैलानी जैसलमेर पहुंचे है। इस वजह से हर पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार है। सैलानियों की बम्पर आवक को देखकर पर्यटन बिजनेस से जुड़े लोग काफी खुश है। उनका मानना है कि इससे सभी लोगों को बिजनेस मिलेगा और सभी को रोजगार मिलेगा। सभी पर्यटन स्थल हुए फुल शहर के सभी पर्यटन स्थलों पर इन दिनों सैलानियों की भारी भीड़ देखी जा सकती है। सोनार फोर्ट, गड़ीसर लेक, पटवा हवेली, बड़ाबाग, कुलधरा, सम व खुहड़ी पर सैलानियों का मेला लगा है। देशी विदेशी सैलानियों की बम्पर आवक से सभी जगह खुशी का आलम है। पर्यटन बिजनेस से जुड़े मयंक भाटिया का कहना है कि- जिले में सैलानियों की भारी भीड़ है। सर्दियों की छुट्टियों में परिवार समेत आ रहे सैलानियों से जैसलमेर गुलजार है। ऐसे में पर्यटन से जुड़े सभी लोगों को रोजगार मिल रहा है। जिससे ऑफ सीजन की कसर निकल जाएगी। ऊंट वाले से लेकर छोटी होटल, रैस्टौरेंट व बाद होटेलों व रिसॉर्ट्स वालों को सभी को बढ़िया बिजनेस मिलेगा। होटलों में पड़ाव, रात में नो-रूम की स्थिति जैसलमेर में देशी विदेशी पर्यटकों के आने का सिलसिला गत कई दिनों से जारी है। दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, पश्चिमी बंगाल, हरियाणा, पंजाब, उत्तरप्रदेश सहित देश के विभिन्न हिस्सों से हजारों की संख्या में सैलानी जैसलमेर आ रहे हैं। भारी भीड़ के चलते कई रिसोर्ट और होटलों में नो-रूम की स्थिति हो गई। सैलानियों की भीड़ से सभी होटल, रेस्टोरेंट और रिसोर्ट पर रौनक छा गई है। अब लगातार नववर्ष व उसके अगले कुछ दिनों तक पर्यटकों की आवक अनवरत रूप से जारी रहेगी। ये पर्यटक ऐतिहासिक स्थलों के भ्रमण के साथ ही रेगिस्तान में कैमल सफारी का आनंद ले रहे हैं।


