सर्दी जोर पकड़ती जा रही है। रात में कंपकंपाने वाली ठंड का दौर फिर से शुरू हो गया है। बीती रात न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री और गिरकर महज 2.4 डिग्री रह गया। यह दो दिन में 5.1 डिग्री गिर चुका है और अब अपने औसत स्तर 7.6 के मुकाबले 5.2 डिग्री कम रहा। दूसरी ओर, अधिकतम पारा 2.4 डिग्री बढ़कर 25.5 हो गया। यह अपने औसत स्तर 24.5 से 1 डिग्री ज्यादा रहा। जनवरी माह में लगातार दूसरी बार रात सबसे ठंडी रही। 7 जनवरी को रात का पारा 4.9 डिग्री और 8 जनवरी को रात का पारा 2.4 डिग्री रहा। सर्दी के पूरे सीजन सीजन की बात करें तो अब तक 10 बार रात का पारा 4.9 डिग्री से कम रहा। यह सिर्फ दिसंबर में ही रहा। अब तक सबसे कम तापमान 14 दिसंबर को 1.8 डिग्री रहा था। 23 दिन बाद पारा इतने न्यूनतम स्तर पर पहुंचा है। इससे पहले 15 दिसंबर को रात का पारा 2.2 डिग्री रहा था। उधर, डबोक में रात का पारा 2.6 डिग्री गिरकर 4.6 और दिन का 1.4 डिग्री बढ़कर 23.4 डिग्री रहा। पूरे सीजन में सबसे ठंडी रातें दिसंबर की रहीं आगे क्या : मौसम विभाग के अनुसार 10 जनवरी तक कड़ाके की ठंड रहेगी। इसके बाद 11 जनवरी से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इससे उदयपुर समेत प्रदेश के अन्य संभागों में हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान न्यूनतम पारे में बढ़ोतरी होगी।


