भास्कर न्यूज | सरायकेला मानसून की शुरुआत से पहले ही कम बारिश व उमस के कारण शनिवार को सांप काटने की दो अलग-अलग घटना में सरायकेला सदर अस्पताल में तीन वर्षीय एक बालक की मौत हो गई, जबकि 20 वर्षीय युवक की जान बच गई। कांड्रा आजाद बस्ती में रहने वाले तीन वर्षीय आयुष दास को जहरीला सांप काटने पर सदर अस्पताल सरायकेला लाया गया। अस्पताल लाने में देरी कर दिया गया, जिससे बालक को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। परिवार वालों ने बताया कि शुक्रवार की शाम करीब 6 बजे के करीब घर के सामने खेल रहा था, उस समय सांप ने काट लिया। बच्चे को पैर में जलन होने लगी, तो वह रोने लगा। परिवार वालों द्वारा गंभीरता से नहीं लेने के कारण व समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण सरायकेला अस्पताल पहुंचते ही दम तोड़ दिया। वहीं, दूसरी घटना मेंे हथिया, सीनी के रहने वाले 20 वर्षीय रोहित मंडल को जहरीले सांप द्वारा काटने के तुरंत बाद सदर अस्पताल सरायकेला पहुंचाया गया, जहां इलाज के उपरांत ठीक हो गया और शनिवार की दोपहर 12 बजे के करीब उसे छुट्टी दे दी गई। डॉक्टर ने उमस भरे मौसम को देखते हुए अंधेरे में बिना टॉर्च के नहीं जाने की हिदायत दी।


