सलूंबर में पंच गौरव महोत्सव 2026 के दूसरे दिन हाड़ी रानी राजकीय महाविद्यालय में ‘एक जिला-एक उत्पाद’ (ODOP) क्वार्ट्ज विषय पर एक सेमिनार का आयोजन किया गया। यह सेमिनार जिला प्रशासन, उद्योग विभाग और खान विभाग के संयुक्त देखरेख में हुआ, जिसकी अध्यक्षता अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने की। सेमिनार में पंच गौरव महोत्सव के नोडल अधिकारी शैल सिंह सोलंकी ने सलूंबर जिले के पंच गौरव के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इनमें जयसमंद झील (पर्यटन स्थल), मक्का (उपज), पलाश (वनस्पति), कबड्डी (खेल) और क्वार्ट्ज (एक जिला-एक उत्पाद) शामिल हैं। जिला उद्योग अधिकारी चोखाराम ने राज्य सरकार की ‘एक जिला-एक उत्पाद’ नीति के लाभों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत उद्यमियों को मार्जिन मनी अनुदान, ई-कॉमर्स सपोर्ट, मार्केटिंग सहायता, मानक प्रमाणन अनुदान, टेक्नोलॉजी व सॉफ्टवेयर सहायता और ब्रांडिंग सपोर्ट जैसे कई महत्वपूर्ण लाभ मिलते हैं। उन्होंने उद्योग विभाग की विभिन्न ऋण योजनाओं और RIPS-2024 योजना की भी जानकारी दी। क्वार्ट्ज उद्यमी विनोद मीणा ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने सरकारी नौकरी छोड़कर उद्योग विभाग की ऋण योजनाओं का लाभ उठाकर एक मिनरल प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित की है। उन्होंने उद्योग विभाग की योजनाओं को उद्यमियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। सेमिनार में एशियन क्वार्ट्ज से अंकित गुप्ता और जियोसिंक लिमिटेड से हार्दिका दशोरा ने क्वार्ट्ज मिनरल की विशेषताओं, प्रसंस्करण प्रक्रिया और इससे बनने वाले विभिन्न उत्पादों के बारे में तकनीकी जानकारी प्रदान की। सेमिनार में गोविंद सिंह मीणा (सहायक खनिज अभियंता) सहित जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन डॉ. देवेंद्र मेघवाल, सहायक प्रोफेसर, हाड़ी रानी महाविद्यालय द्वारा किया गया।


