सलूंबर शहर के नागदा मंदिर क्षेत्र में एक शर्मनाक और अमानवीय घटना सामने आई है। देर शाम कुछ युवकों ने मंदिर परिसर के पास रोड पर खड़ी हुई एक गाय पर जलती हुई तीलियां डाल दीं। पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। घटना के बाद नागरिकों, गौ-सेवकों और विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों में रोष व्याप्त है। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक मंदिर परिसर के पास पहुंचे और गाय को निशाना बनाकर जलती तीलियां डालने लगे। इस दौरान जैन मंदिर के पुजारी ने युवकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन युवकों ने पुजारी के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह स्थिति को संभाला। पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV से पहचान के प्रयास घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। आक्रोशित लोग थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मामले में एक सामाजिक कार्यकर्ता की ओर से थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। पुलिस उपाधीक्षक हरेम्ब जोशी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं। प्रशासन की अपील—संयम रखें प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने आमजन से संयम बनाए रखने और कानून-व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


