सलूंबर जिले के सुआवतो का गुड़ा स्थित बलदेव भारती धूणी (एमनिया पाडला मठ) में गुरुवार को श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा एवं सहस्त्र चंडी महायज्ञ का भव्य शुभारंभ हुआ। यह आयोजन 31 जनवरी से शुरू हुआ था जो 11 फरवरी तक चलेगा। महाआरती से हुई कार्यक्रम की शुरूआत पहले ही दिन सैकड़ों श्रद्धालुओं ने इसमें भाग लिया। सुबह महाआरती और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ दिनभर प्राण प्रतिष्ठा से जुड़े विभिन्न वैदिक अनुष्ठान संपन्न हुए। इस दौरान भगवान के महारुद्र, धान्याधिवास और विविध आहुतियों के आयोजन श्रद्धापूर्वक और शास्त्रोक्त विधि से किए गए। बलदेव भारती धूणी के पीठाधीश्वर महंत प्रताप गिरी जी महाराज ने बताया- इस मौके पर मेवल के पाटवी माव सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी सर्व समाज के श्रद्धालुओं ने महायज्ञ में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। मेले जैसा माहौल, भंडारे की व्यवस्था आयोजन स्थल पर धार्मिक वातावरण के साथ-साथ मेले जैसा दृश्य भी देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने डोलर, चकरी, झूले और गरमा-गरम पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लिया। आयोजन समिति द्वारा सभी श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसाद की उत्तम व्यवस्था की गई थी। पंडित आचार्य संजय गोविंद जोशी (बड़ावली) तथा आचार्य राकेश व्यास और योगेश मेहता के सान्निध्य में श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा, मां हिंगलाज प्राण प्रतिष्ठा और सहस्त्रचंडी महायज्ञ की सभी प्रक्रियाएं अत्यंत सुंदर, शास्त्रोक्त और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न की जा रही हैं। आगामी 11 फरवरी तक रामकथा, यज्ञ, आरती और अन्य धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला जारी रहेगी। इन आयोजनों के चलते बलदेव भारती धूणी क्षेत्र आस्था का प्रमुख केंद्र बना रहेगा।


