सलूंबर में मंत्री बाबूलाल ने बजट को बताया विजन डॉक्यूमेंट:केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर बोले-हर वर्ग होगा सशक्त

सलूंबर में जनजातीय क्षेत्रीय विकास एवं गृह रक्षा विभाग मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने जिला कलेक्ट्रेट परिसर स्थित वीसी कक्ष में केंद्रीय बजट 2026-27 पर प्रेस वार्ता की। उज्जवल भविष्य की ठोस नींव बताया
इस दौरान मंत्री ने कहा-1 फरवरी को प्रस्तुत यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि हर भारतीय के सपनों, आकांक्षाओं और उज्ज्वल भविष्य की ठोस नींव रखने वाला ऐतिहासिक बजट है। मंत्री बोले-हर वर्ग होगा सशक्त
मंत्री खराड़ी ने बताया-यह बजट गरीब, किसान, युवा, महिला, मध्यम वर्ग और उद्यमियों के सशक्तिकरण की स्पष्ट दिशा दिखाता है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत” के संकल्प को ठोस आधार प्रदान करने वाला बताया, जो भारत को आत्मनिर्भरता और वैश्विक नेतृत्व की ओर ले जाएगा। खराड़ी ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा लगातार नौवीं बार बजट प्रस्तुत किए जाने को भारत के संसदीय इतिहास का गौरवपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह निरंतरता सरकार की स्पष्ट नीति, मजबूत नेतृत्व और आर्थिक स्थिरता को दर्शाती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश को दोहराया कि महिलाएं केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि भारत की ग्रोथ इंजन हैं। बजट 2026-27 में महिला की गरिमा, सुरक्षा, स्वावलंबन और नेतृत्व क्षमता को केंद्र में रखा गया है। प्रत्येक जिले में महिला छात्रावास, केयरगिवर्स एवं स्वास्थ्य पेशेवरों का प्रशिक्षण, लखपति दीदी योजना का विस्तार तथा महिला उद्यमियों के लिए एसएमई ग्रोथ फंड जैसे प्रावधान महिला सशक्तिकरण को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। बजट में युवाओं के लिए शिक्षा से रोजगार तक का एक मजबूत रोडमैप प्रस्तुत किया गया है। इसमें स्किल इंडिया, डिजिटल स्किल्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और ग्रीन टेक्नोलॉजी में प्रशिक्षण, एमएसएमई ग्रोथ फंड और सेवा क्षेत्र को वैश्विक नेतृत्व देने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं। मध्यम वर्ग को बड़ी राहत
खराड़ी ने कहा कि बजट में मध्यम वर्ग के हितों का विशेष ध्यान रखा गया है।स्वास्थ्य सेवाओं में राहत,दवाओं पर सीमा शुल्क में कटौती,टीडीएस प्रक्रिया का सरलीकरण और विदेश यात्रा पर टीसीएस में कमी से इस वर्ग को सीधा लाभ मिलेगा। एलआरएस के तहत विदेश शिक्षा हेतु टूर पैकेज पर टीसीएस की दर 5 प्रतिशत से घटाकर 2 प्रतिशत कर दी गई है, जिससे अभिभावकों का आर्थिक बोझ कम होगा। कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती
कृषि क्षेत्र में ‘भारत-विस्तार’ बहुभाषीय एआई टूल के माध्यम से किसानों को क्षेत्रीय भाषाओं में तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।उच्च मूल्य फसलों को प्रोत्साहन, प्राकृतिक खेती,फसल विविधीकरण,सूक्ष्म सिंचाई,भंडारण और मूल्य संवर्धन के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने पर जोर दिया गया है।पशुपालन,मत्स्य पालन और सहकारिता को भी नई मजबूती मिलेगी। स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रावधान
स्वास्थ्य सेवाओं पर चर्चा करते हुए मंत्री खराड़ी ने बताया कि आमजन पर चिकित्सा व्यय का बोझ कम करने के लिए दवाओं पर लगने वाले शुल्क में कटौती की गई है।कैंसर की 17 जीवन रक्षक दवाओं पर सीमा शुल्क शून्य किया गया है। जिला स्तर पर बायोफार्मा एवं आयुष केंद्रों की स्थापना हेतु 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है,जिससे सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित होंगी। आत्मनिर्भर भारत की ओर निर्णायक कदम
उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर,केमिकल पार्क,शहरी विकास, खादी-हस्तशिल्प,रक्षा और विमानन क्षेत्र में किए गए प्रावधान भारत को आत्मनिर्भर और वैश्विक प्रतिस्पर्धा में अग्रणी बनाने की दिशा में निर्णायक साबित होंगे। विजन डॉक्यूमेंट है बजट 2026-27
मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत से विकसित भारत की यात्रा को गति देने वाला विजन डॉक्यूमेंट है,जिसमें हर वर्ग का भविष्य सुरक्षित और सशक्त बनाने की स्पष्ट सोच दिखाई देती है। ये रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में जिला कलेक्टर अवधेश मीना,विधायक शांता अमृत लाल मीणा,पीआरओ पुष्पक मीणा,सूचना सहायक अमोल अहारी सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *