सलूंबर जिले में पहली बार आयोजित होने जा रहे पंच गौरव महोत्सव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसको लेकर जिला कलेक्टर कार्यालय में अतिरिक्त जिला कलेक्टर द्वारा प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें उन्होंने बताया कि 17 एवं 18 जनवरी 2026 को जिले में भव्य दो दिवसीय पंच गौरव महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस महोत्सव का उद्देश्य सरकार की पंच गौरव अवधारणा को आमजन तक पहुंचाना और लोगों को यह समझाना है कि किस तरह वे कृषि, पर्यटन, उद्योग और नवाचार के जरिए अपनी आर्थिक उन्नति कर सकते हैं। पंच गौरव बनेंगे पहचान अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने बताया कि इस महोत्सव में सलूंबर जिले की पांच प्रमुख पहचान को केंद्र में रखा गया है। जयसमंद पर्यटन,पलाश व मक्का जैसी कृषि उपज, खनिज संपदा,उद्योग एवं नवाचार होंगे। इन सभी क्षेत्रों से जुड़े विभागों द्वारा स्टॉल, प्रदर्शनी और जानकारी दी जाएगी। जिससे आमजन यह जान सके कि वे किस तरह अपनी आजीविका, रोजगार और व्यवसाय को आगे बढ़ा सकते हैं। हर विभाग रहेगा मौजूद महोत्सव में कृषि, उद्यानिकी, उद्योग, खनन, पर्यटन जैसे विभाग भाग लेंगे। यहां आधुनिक तकनीक, नए उत्पाद, सरकारी योजनाएं और स्वरोजगार से जुड़ी जानकारी आम लोगों को दी जाएगी। इन सभी क्षेत्रों से जुड़े विभागों द्वारा स्टॉल और प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। दो बड़े आयोजन स्थल -राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सलूंबर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान जयसमंद की पाल – पर्यटन एवं सांस्कृतिक मंच 17 जनवरी की शाम को “सलूंबर सुपरस्टार” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिले के स्थानीय कलाकारों को मंच मिलेगा। इसमें कॉमेडी, हास्य कविता, संगीत और नृत्य शामिल होंगे। कोई भी कलाकार या ग्रुप इसमें भाग ले सकता है और अपनी प्रतिभा आम जनता के सामने प्रस्तुत कर सकता है। महोत्सव बनेगा विकास और मनोरंजन का संगम अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने कहा कि पंच गौरव महोत्सव न केवल मनोरंजन का माध्यम होगा, बल्कि यह आमजन को स्वरोजगार, पर्यटन और आर्थिक विकास से जोड़ने का एक बड़ा मंच बनेगा। सलूंबर का पंच गौरव जिले की नई पहचान बनेगा।


