सलूम्बर जिले के सेरिया गांव में देर रात एक संगठित चोर गिरोह ने 12 से अधिक घरों को निशाना बनाया। चोरों ने घरों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चुरा ली। इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। ग्रामीणों ने बताया कि कई घरों में परिवार पास के कमरों में सो रहा था, इसके बावजूद चोरों ने बेखौफ होकर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। मोहन नारायण मेहता पचावत के घर से 6 तोला सोना (टॉप्स, अंगूठी, हार) और 5,000 रुपये नकद चोरी हुए। उन्होंने बताया कि उनका परिवार महाराष्ट्र में एक शादी समारोह के लिए आया हुआ था और उसी रात कुछ रिश्तेदार के गांव में मिलने गये थे। बसंत गोविंद जसावत के घर से 1 तोला कान के टॉप्स और 5,000 रुपये नकद चुराए गए। इस दौरान परिवार पास के कमरे में सो रहा था। मणिलाल भगवान लोउवाट के घर से 25,000 रुपये नकद, साढ़े तीन तोला सोने का हार और 1 तोला सोने का मंगलसूत्र चोरी हुआ। तड़ रत्नावत चौक में भी चोरी की एक बड़ी वारदात हुई। मोतीराम गौतम पदमावत के घर से साढ़े 6 तोला सोने के आभूषण, ढाई किलो चांदी के आभूषण और 15,000 रुपये नकद चोरी हो गए। हेमराज शंकर पदमावत और मणिलाल हेमराज पदमावत के घरों के भी ताले तोड़े गए, लेकिन चोरों को वहां कुछ नहीं मिला। ये दोनों परिवार अहमदाबाद में रहते हैं। चोरों ने दुकानों को भी निशाना बनाया। जयंतीलाल मगन जैन की किराना दुकान से काजू और कुछ नकदी चोरी हुई। बताया गया कि चोरों ने मंदिर के पीछे बैठकर काजू खाए और फिर एक रास्ते से फरार हो गए। ग्रामीणों ने इस घटना पर चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि एक ही रात में इतनी चोरियां किसी संगठित गिरोह का काम हो सकता है। गांव में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं और ग्रामीण रात की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


