सलूम्बर में ट्रांसफार्मर चोरी का खुलासा:दो आरोपी गिरफ्तार, कॉपर वायर और औजार बरामद

सलूम्बर जिला पुलिस ने ट्रांसफार्मर चोरी की बढ़ती घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया कॉपर वायर, वारदात में प्रयुक्त कार और औजार बरामद किए हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के विशेष निर्देशों के बाद की गई। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार यादव ने जिले के सभी थानाधिकारियों को संपत्ति संबंधी अपराधों, विशेषकर ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाओं का त्वरित खुलासा करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन चावला और वृत्ताधिकारी हेरम्ब जोशी के सुपरविजन में सलूम्बर थाने में एक विशेष टीम गठित की गई। 20 दिसंबर 2025 की मध्यरात्रि को सलूम्बर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत गावड़ापाल में अज्ञात चोरों ने एक सिंगल फेस ट्रांसफार्मर को क्षतिग्रस्त कर उसमें से कॉपर सामग्री चुरा ली थी। इस संबंध में अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के कनिष्ठ अभियंता शारिक आज़न ने सलूम्बर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने विद्युत अधिनियम 2003 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम के अथक प्रयासों के दौरान मिली सूचना के आधार पर शंकर मीणा और हेमराज मीणा को हिरासत में लिया गया। मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर दोनों ने ट्रांसफार्मर चोरी की वारदात को कबूल कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों शंकर पिता कालूजी मीणा (34 वर्ष) और हेमराज पिता धुलाजी मीणा (28 वर्ष), दोनों निवासी हर बनोडा, थाना सलूम्बर, के कब्जे से चोरी किया गया कॉपर वायर, वारदात में प्रयुक्त कार और औजार बरामद किए हैं। पुलिस का मानना है कि ये आरोपी पहले भी इस तरह की कई वारदातों में शामिल हो सकते हैं। मामले में अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी हेमन्त चौहान, हेड कांस्टेबल प्रवीण सिंह, भरत राजसिंह और कांस्टेबल रमेश कुमार पटेल, सुनील मीणा, पुष्कर पटेल, रमेश, शंकर और अशोक की टीम शामिल थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *