सवाई माधोपुर की जीआरपी थाना पुलिस ने ट्रेन से मोबाइल चुराने के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने रामअवतार उर्फ सुदामा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया 5G मोबाइल भी बरामद किया है। सवाई माधोपुर जीआरपी थानाधिकारी हरिमन मीणा ने बताया कि रेलवे में बढ़ती संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए शीर्ष अधिकारियों के निर्देश पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसे लेकर जीआरपी पुलिस की ओर से अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थानाधिकारी हरिमन मीणा CI के नेतृत्व में गठित टीम के ASI ओमप्रकाश, कॉन्स्टेबल मुकेश कुमार, कॉन्स्टेबल मखनलाल ने टेक्निकल एनालिसिस और कॉल डिटेल के आधार पर आरोपी रामअवतार उर्फ सुदामा (27) पुत्र रज्जो निवासी सिरसौदा, थाना रूपवास, जिला भरतपुर को 7 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी गया ओप्पो 5G मोबाइल बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने डेढ़ासरावा एक्सप्रेस के कोच S/7 से मोबाइल चोरी करना स्वीकार किया। मामले में आरोपी को आज सोमवार को न्यायालय एसीजेएम रेलवे कोर्ट, कोटा में पेश किया जाएगा।


