सवाई माधोपुर में अब मौसम का मिजाज बदलने लगा है। दिन में तेज धूप निकलने से लोगों को गर्मी महसूस होने लगी है, जबकि सर्दी का असर धीरे-धीरे कम हो रहा है। बुधवार सुबह शहर में हल्की धुंध और कोहरा छाया रहा, लेकिन कुछ ही देर बाद तेज धूप खिल गई। धूप निकलते ही लोगों को सर्दी से राहत मिली और दिन में मौसम सुहावना बना रहा। इससे पहले मंगलवार को भी सवाई माधोपुर में मौसम पूरी तरह साफ रहा। पूरे दिन अच्छी धूप खिली, हालांकि ठंडी हवाओं के चलते सुबह और शाम के समय हल्की सर्दी का अहसास बना रहा। ठंडी हवाओं के कारण तापमान में मामूली गिरावट भी दर्ज की गई। ठंडी हवाओं से तापमान में 1 डिग्री की गिरावट पिछले 24 घंटे के दौरान सवाई माधोपुर के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में करीब 1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम साफ रहने के बावजूद सुबह-शाम ठंडी हवाओं ने लोगों को सर्दी का अहसास कराया। एक सप्ताह में तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को सवाई माधोपुर का अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सोमवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रहा।
रविवार को भी अधिकतम 24 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
शनिवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रहा।
वहीं शुक्रवार और गुरुवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। आने वाले दिनों में मौसम रहेगा साफ जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य में अगले दो से तीन दिन तक मौसम साफ बना रह सकता है। कुछ शहरों में हल्के बादल छा सकते हैं, जबकि उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में सुबह के समय कोहरा देखने को मिल सकता है। उन्होंने बताया कि इस दौरान तापमान में किसी बड़े उतार-चढ़ाव की संभावना नहीं है। सप्ताह के अंत तक सवाई माधोपुर के तापमान में भी खास बदलाव नहीं होगा और दिन में धूप के कारण हल्की गर्मी का अहसास बना रहेगा।


