मौसम विभाग की ओर से शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है।जिसे देखते हुए सवाई माधोपुर कलेक्टर ने एक बार फिर से जिले के स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। यहां 13 से 16 जनवरी तक जिले में संचालित कक्षा 1 से 8वीं तक के समस्त राजकीय एवं गैर राजकीय विद्यालयों के लिए अवकाश घोषित किया गया है। जिला कलेक्टर एवं जिला आपदा एवं प्रबंधन आपदा प्राधिकरण सवाई माधोपुर अध्यक्ष शुभम चौधरी ने आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के अध्याय 4 की धारा 30 में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए सवाई माधोपुर जिले में संचालित कक्षा 1 से 8वीं तक के समस्त राजकीय एवं गैर राजकीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए 13 से 16 जनवरी तक अवकाश घोषित किया है। यह अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए लागू किया गया है। इस दौरान अध्यापक एवं स्टाफ यथावत निर्धारित समय पर विद्यालय में उपस्थित रहेगा। आदेश के अनुसार जिले के समस्त संस्था प्रधानों को निर्देशित किया है कि आदेशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करें। यदि कोई संस्था प्रधान इस अवधि के दौरान कक्षा संचालन करता पाया जाता है तो उसके खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के प्रावधानों के तहत कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। उल्लेखनीय है कि इससे पहले 11 जनवरी तक के लिए स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया था।


