भास्कर न्यूज | दंतेवाड़ा इस बार दंतेवाड़ा जिले के 15 खरीदी केंद्रों का धान गीदम मंडी प्रांगण में ही संग्रहण किया गया था। सवा लाख क्विंटल धान का संग्रहण गीदम में किया गया है, यहां से राइस मिलर धान का उठाव भी शुरू कर दिया है, अभी 77 हजार 380 क्विंटल धान का डीईओ है, बचे हुए 47 हजार क्विंटल धान को अभी सुरक्षित रखना होगा, जबकि हर लाट में 100 बोरा के करीब धान के बारदाने फटे हुए मिल रहे हैं जिससे धान का नुकसान भी हो रहा है। बारिश में बचे हुए धान को सुरक्षित रखना बड़ी चुनौती होगी, चूहे भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। जिले में हर साल धान की आवक बढ़ रही है, इस बार यहां से मिलर्स धमतरी भी धान ले जा रहे हैं। गीदम मंडी में जहां धान का संग्रहण किया गया है, वहां धान के पौधे उग आए हैं, बारिश लगातार होने से धान के और नुकसान होने की संभावना है। लाट खोल देने के बाद कवर ठीक से नहीं किया जा रहा है। डीएमओ खिलेश्वर शांडिल्य ने बताया धान चबूतरा के ऊपर रखा हुआ है इसलिए गीला नहीं होगा।


