भास्कर न्यूज | महासमुंद धान खरीदी को लेकर पर्यवेक्षण में लापरवाही और कदाचरण के आरोप में एसके डे, वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक, प्रभारी सहकारिता विस्तार अधिकारी, विकासखंड पिथौरा, जिला महासमुंद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। कार्यालय कलेक्टर खाद्य शाखा के माध्यम से प्रेषित प्रतिवेदन के अनुसार संयुक्त आयुक्त सहकारिता व पंजीयक सहकारी संस्थाएं, रायपुर छत्तीसगढ़ द्वारा यह कार्रवाई नियम-9 के तहत की गई है। एसके डे पर जानबूझकर लापरवाही और मनमानी करने का आरोप है, जिससे राज्य शासन के महत्वपूर्ण कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। यह आचरण सेवा नियमों के प्रतिकूल पाया गया। निलंबन के दौरान एसके डे का मुख्यालय उपायुक्त सहकारिता व उप पंजीयक, सहकारी संस्थाएं, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा में निर्धारित किया गया है। एक दिन पूर्व कलेक्टर द्वारा विकासखण्ड पिथौरा के पथरला, जाड़मुड़ा, आरंगी और नरसैयापालम धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण किया गया था। धान उपार्जन केंद्रों में समुचित रूप से निरीक्षण और पर्यवेक्षण नहीं किया जाना पाया गया। इसके अलावा धान के बोरे फड़ में बिना स्टैकिंग के रखा गया था, जो भौतिक सत्यापन के योग्य नहीं था।


