सहकारी समिति से 1.80 करोड़ का धान-वारदाना गायब, FIR दर्ज:सूरजपुर के उमेश्वरपुर समिति के सत्यापन मे गायब मिला था धान व वारदाना

सूरजपुर जिले के प्रेमनगर ब्लॉक अंतर्गत उमेश्वरपुर समिति में 1 करोड़ 66 लाख रुपए से अधिक का धान एवं 14 लाख रुपये का बारदाना बोरा गायब मिलने के मामले में पुलिस ने FIR दर्ज की है। समिति के भौतिक सत्यापन के दौरान धान एवं बारदाने गायब मिले थे, जिसे लेकर समिति प्रबंधक को नोटिस जारी किया गया था। मामले में सहकारी बैंक के शाखा प्रबंधक ने प्रेमनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। जानकारी के मुताबिक, सूरजपुर जिले के प्रेमनगर थाना अंतर्गत सलका के ग्राम उमेश्वरपुर में स्थित उपार्जन केंद्र का 9 जनवरी को जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित शाखा प्रेमनगर के शाखा प्रबंधक ओमदत्त दुबे ने आकस्मिक निरीक्षण किया था। इस दौरान उपार्जन केंद्र में भौतिक सत्यापन के दौरान 7 हजार 36 क्विंटल धान कम पाया गया। इस दौरान गायब धान की कीमत 1 करोड़ 66 लाख 69 हजार रुपए है। साथ ही समिति से 17 हजार 591 बारदाना गायब मिला, जिसकी कीमत 13 लाख 99 हजार रुपये से अधिक है। नोटिस का नहीं मिला जवाब, FIR दर्ज
समिति से कुल 1 करोड़ 80 लाख 68 हजार रुपए का धान व बारदाना कम मिलने पर सहायक समिति प्रबंधक ठाकुर सिंह मरावी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। समिति प्रबंधक ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। शाखा प्रबंधक ने मामले की शिकायत प्रेमनगर थाने में की थी। शिकायत की जांच के बाद प्रेमनगर थाना पुलिस ने मामले में आरोपी सहायक समिति प्रबंधक ठाकुर सिंह मरावी के खिलाफ बीएनएस की धारा 316(5), 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। सूरजपुर के समितियों एवं राइस मिल से गायब मिला है करोड़ों का धान
सूरजपुर जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान समितियों एवं राइस मिल के सत्यापन में 7 करोड़ रुपये से अधिक का धान गायब मिला है। मामले में अन्य समितियों के प्रबंधकों, कंप्यूटर आपरेटरों एवं राइस मिल संचालकों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज हो सकती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *